नई दिल्ली: राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश के नेतृत्व में भारतीय संसदीय प्रतिनिधिमंडल अंतर-संसदीय संघ (IPU) की 153वीं सभा और उससे जुड़ी बैठकों में हिस्सा लेने के लिए तंजानिया रवाना हो गया है। बैठक 5 से 9 अक्टूबर 2026 तक अरूशा में आयोजित होगी।
IPU की इस सभा में दुनिया के विभिन्न देशों के सांसद “सभी के लिए समावेशिता, विश्वास और अवसरों के माध्यम से सुशासन को बढ़ाना और समुदायों को सशक्त बनाना” विषय पर चर्चा करेंगे। भारतीय प्रतिनिधिमंडल बैठकों, पैनल चर्चाओं और कार्यशालाओं में भाग लेकर विभिन्न वैश्विक मुद्दों पर भारत का पक्ष रखेगा।
यह भी पढ़ें -कौटिल्य आर्थिक सम्मेलन में उपराष्ट्रपति ने कहा- समावेशी नीतियों से ही मजबूत होगी भारत की आर्थिक क्षमता
प्रतिनिधिमंडल में नौ सांसद
भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश करेंगे। इसमें लोकसभा सांसद अनुराग सिंह ठाकुर, अपराजिता सारंगी, संजय जायसवाल, कमलजीत सहरावत, लता वानखेड़े और बिजुली कलिता मेधी शामिल हैं। राज्यसभा से सस्मित पात्रा तथा लोकसभा से एन. के. प्रेमचंद्रन भी प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा हैं।
कई वैश्विक मुद्दों पर होगी चर्चा
हरिवंश IPU की गवर्निंग काउंसिल और सामान्य चर्चा में भाग लेंगे। इसके अलावा आपातकालीन विषय पर होने वाली चर्चा तथा IPU के अध्यक्ष पद के उम्मीदवारों के साथ संवाद सत्र में भी उनकी भागीदारी होगी।
प्रतिनिधिमंडल के सदस्य लोकतंत्र और मानवाधिकार, शांति एवं अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा, सतत विकास और महिलाओं की भागीदारी जैसे विषयों पर चर्चा करेंगे। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, आतंकवाद से मुकाबला, स्वास्थ्य और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े मुद्दे भी एजेंडे में शामिल हैं।
यह भी पढ़ें -तुर्की से भारत लाया गया कुख्यात ड्रग तस्कर नवप्रीत सिंह, अमित शाह ने एजेंसियों को दी बधाई
इसके साथ ही महत्वपूर्ण खनिज, कृत्रिम बुद्धिमत्ता और काम के भविष्य, समुद्री सुरक्षा, जलवायु परिवर्तन तथा पर्वतीय और महासागरीय पारिस्थितिक तंत्र के संरक्षण जैसे विषयों पर भी चर्चा होगी।
संसदीय सहयोग पर भारत का जोर
भारतीय प्रतिनिधिमंडल की यह भागीदारी IPU के साथ भारत के निरंतर संसदीय जुड़ाव का हिस्सा है। इसके माध्यम से वैश्विक शांति, विकास, लोकतंत्र और समुदायों के सशक्तिकरण से जुड़े मुद्दों पर बहुपक्षीय संवाद तथा विभिन्न देशों की संसदों के बीच सहयोग को आगे बढ़ाने पर जोर रहेगा।
यह भी पढ़ें -हरियाणा के युवाओं ने सीएम धामी से की मुलाकात, साझा किए उत्तराखंड दौरे के अनुभव







