राजस्थान में औद्योगिक विकास और निवेश को बढ़ावा देने के लिए राजस्थान राज्य औद्योगिक विकास एवं निवेश निगम (रीको) ने विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों में 500 से अधिक भूखंड ई-नीलामी के लिए उपलब्ध कराए हैं। इनमें औद्योगिक और व्यावसायिक भूखंडों के अलावा लॉजिस्टिक्स, आवासीय, ग्रुप हाउसिंग, अस्पताल, नर्सिंग होम, स्कूल, दुकान, कियोस्क और पेट्रोल पंप जैसी श्रेणियां भी शामिल हैं।

इन भूखंडों के लिए ऑनलाइन आवेदन और धरोहर राशि (ईएमडी) जमा कराने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। ई-नीलामी में शामिल होने के इच्छुक निवेशकों के लिए ईएमडी जमा कराने की अंतिम तिथियां 13 और 14 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई हैं।

यह भी पढ़ें -राजस्थान में अडानी रिन्यूएबल एनर्जी पार्क की 39वीं बोर्ड बैठक, भूमि और ऊर्जा नीतियों पर चर्चा

12 शहरों में 28 भूखंड किराये पर दिए जाएंगे

रीको ने प्लग एंड प्ले, स्पोर्ट्स फैसिलिटी और वर्किंग हाउसिंग फैसिलिटी विकसित करने के लिए भी ऑनलाइन आवंटन प्रक्रिया शुरू की है। इसके तहत जयपुर, अजमेर, बीकानेर, भिवाड़ी-द्वितीय, भरतपुर, कोटा, किशनगढ़, सवाई माधोपुर, उदयपुर, झालावाड़, नागौर और श्रीगंगानगर में कुल 28 भूखंड किराये के आधार पर आवंटित किए जाएंगे।

सीतापुरा में तैयार औद्योगिक मॉड्यूल भी ई-नीलामी में

जयपुर के सीतापुरा स्थित फ्लैटेड फैक्ट्री कॉम्प्लेक्स में गारमेंट एवं अपैरल, जेम्स एंड ज्वैलरी तथा सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र से जुड़े उद्योगों के लिए प्लग एंड प्ले मॉड्यूल्स का भी ई-नीलामी के जरिए आवंटन किया जा रहा है। ये मॉड्यूल लाइसेंस शुल्क के आधार पर दिए जाएंगे।

इस व्यवस्था के तहत उद्यमियों को तैयार औद्योगिक परिसरों और उपलब्ध आधुनिक सुविधाओं के साथ अपना उद्यम शुरू करने का विकल्प मिलेगा।

यह भी पढ़ें -राजस्थान में जननी एक्सप्रेस सेवा की समीक्षा, हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं को समय पर अस्पताल पहुंचाने पर जोर

रीको की ओर से औद्योगिक क्षेत्रों में भूखंड उपलब्ध कराने और विभिन्न सुविधाओं के लिए आवंटन प्रक्रिया शुरू करने का उद्देश्य निवेशकों को आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा प्रदेश में औद्योगिक गतिविधियों और रोजगार के अवसरों को बढ़ावा देना है।