उत्तराखंड के तीन दिवसीय भ्रमण पर आए हरियाणा के युवाओं ने शनिवार को मुख्यमंत्री आवास में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की। इस दौरान युवाओं ने उत्तराखंड में अपने भ्रमण के अनुभव मुख्यमंत्री के साथ साझा किए और राज्य में कनेक्टिविटी, पर्यटन, होम-स्टे, सौर ऊर्जा तथा सीमांत क्षेत्रों के विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।

युवाओं ने बताया कि भ्रमण के दौरान उन्हें उत्तराखंड के विभिन्न क्षेत्रों को करीब से देखने और सरकारी योजनाओं के स्थानीय स्तर पर प्रभाव को समझने का अवसर मिला। उन्होंने सड़क और डिजिटल कनेक्टिविटी के विस्तार के साथ रेलवे नेटवर्क के विकास की दिशा में हो रहे कार्यों का भी उल्लेख किया।

यह भी पढ़ें -यूपी में अपराध के खिलाफ कार्रवाई का आंकड़ा जारी, 303 अपराधी मारे जाने का दावा

होम-स्टे और पर्यटन को लेकर अनुभव साझा किए

हरियाणा के युवाओं ने उत्तराखंड के स्वच्छ पर्यावरण और बेहतर वायु गुणवत्ता की सराहना की। उन्होंने कहा कि होम-स्टे को बढ़ावा देने और इसके लिए दी जा रही सहायता से स्थानीय लोगों के लिए स्वरोजगार के अवसर बन रहे हैं।

युवाओं ने तीर्थाटन और पर्यटन के लिए विकसित की जा रही सुविधाओं का भी उल्लेख किया। उनके अनुसार बेहतर कनेक्टिविटी और पर्यटन सुविधाओं से राज्य में आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को सुविधा मिल रही है। सोलर रूफटॉप योजना को भी उन्होंने राज्य की भौगोलिक परिस्थितियों के लिहाज से उपयोगी बताया।

भ्रमण के दौरान स्थानीय लोगों के व्यवहार का जिक्र करते हुए युवाओं ने कहा कि उत्तराखंड के शांत वातावरण और लोगों के आत्मीय व्यवहार ने उन्हें प्रभावित किया। उन्होंने कहा कि यहां आकर उन्हें देवभूमि कहे जाने का अनुभव हुआ।

यह भी पढ़ें -जंतर-मंतर पर आज फिर SIR के खिलाफ प्रदर्शन का आह्वान, पुलिस ने बढ़ाई सुरक्षा

सीएम धामी ने कहा- ऐसे भ्रमण से बढ़ता है राज्यों के बीच संवाद

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने युवाओं का स्वागत करते हुए कहा कि “अतिथि देवो भवः” देवभूमि उत्तराखंड की संस्कृति और परंपरा का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि अंतरराज्यीय भ्रमण से युवाओं को देश की सांस्कृतिक विविधता, अलग-अलग राज्यों में किए जा रहे नवाचारों और विकास की कार्यप्रणालियों को समझने का अवसर मिलता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास विकास का लाभ समाज के अंतिम छोर तक पहुंचाना है। गरीबों, महिलाओं, युवाओं, किसानों और अन्य वर्गों के कल्याण के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने रोजगार और स्वरोजगार के साथ सरकारी भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता के लिए उठाए गए कदमों का भी उल्लेख किया।

यह भी पढ़ें -प्राइवेट नौकरी, ₹15,000 सैलरी, 10 साल: EPS में कितनी पेंशन मिलेगी? नए नियमों से फायदा भी, झटका भी

धामी ने बताया कि पिछले लगभग पांच वर्षों में करीब 35 हजार युवाओं को सरकारी सेवाओं में नियुक्ति दी गई है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में विकास के साथ विरासत को भी आगे बढ़ाया जा रहा है और महिला सशक्तिकरण, पर्यटन, स्थानीय उत्पाद, होम-स्टे, सौर ऊर्जा तथा सीमांत क्षेत्रों के विकास पर ध्यान दिया जा रहा है।

युवाओं से उत्तराखंड के अनुभव साझा करने की अपील

मुख्यमंत्री ने हरियाणा से आए युवाओं से अपने उत्तराखंड दौरे के अनुभवों को मित्रों और सोशल मीडिया के माध्यम से अन्य लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा उत्तराखंड के डिजिटल ब्रांड एंबेसडर की भूमिका निभा सकते हैं।

उन्होंने युवाओं से उत्तराखंड की संस्कृति, पर्यटन, तीर्थाटन, स्थानीय उत्पादों, होम-स्टे, मिलेट्स, हस्तशिल्प और महिला स्वयं सहायता समूहों से जुड़े कार्यों की जानकारी दूसरे राज्यों तक पहुंचाने की अपील की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विभिन्न राज्यों के युवाओं के बीच इस तरह का संवाद एक-दूसरे के अनुभवों और बेहतर कार्यप्रणालियों को समझने का अवसर देता है। उन्होंने हरियाणा और उत्तराखंड के युवाओं के बीच संस्कृति, पर्यटन, नवाचार और विकास से जुड़े अनुभवों के आदान-प्रदान को आगे बढ़ाने की बात कही।