यमुनानगर के छछरौली इलाके में बुधवार सुबह सन्नाटा टूट गया। जेधर गांव के एक खेत में एक अधेड़ उम्र के व्यक्ति का शव पड़ा मिला। सफेद कपड़ों में, चेहरा खून से लथपथ और सिर पर गहरी चोट का निशान। जिन लोगों ने सबसे पहले शव देखा वो सुबह-सुबह श्मशान घाट की तरफ खेतों से गुजर रहे थे। रास्ता वही था जो रोज़ इस्तेमाल होता है। लेकिन बुधवार को कुछ अलग दिखा।

एक ग्रामीण ने बताया कि दूर से लगा शायद कोई सो रहा है। पास गए तो पैरों तले ज़मीन खिसक गई। सिर से खून बह चुका था ओर चेहरा पहचान में नहीं आ रहा था। किसी ने रुककर सोचा नहीं ओर तुरंत डायल 112 पर कॉल घुमाई।
गांव में अभी भी उस सुबह की बेचैनी छाई हुई है। जो रास्ता रोज़ इस्तेमाल होता था अब वहां से गुज़रने में लोग झिझक रहे हैं।

यह भी पढ़ें -रेवाड़ी: 10 महीने के लक्ष को मिला नया पैर, लविश की आंखों में लौटी रोशनी; जानिए RBSK का यह चमत्कार

मौके पर क्या बरामद हुआ?

सूचना मिलते ही छछरौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। साथ में फॉरेंसिक टीम भी बुलाई गई। जांच के दौरान एक बात ने पुलिस को चौंकाया कि मृतक की जेब से करीब 50 हज़ार रुपये नकद बरामद हुए। यानी लूट की नीयत से हत्या की आशंका फिलहाल कमज़ोर पड़ती नज़र आ रही है हालांकि पुलिस इसे अभी खारिज नहीं कर रही।

जेब फटी हुई मिली। पजामा खुला हुआ था। और शव के आसपास ज़मीन पर वाहन के टायरों के निशान भी देखे गए यानी कोई गाड़ी उस जगह तक आई थी ये लगभग तय माना जा रहा है।

पहचान अब भी अनसुलझी

सबसे बड़ी दिक्कत फिलहाल यही है कि मृतक कौन था। ये अब तक पता नहीं चल पाया क्योंकि न कोई पहचान पत्र, न कोई परिचित अभी तक सामने आया। छछरौली थाना प्रभारी वेदपाल के मुताबिक शुरुआती जांच में यही संकेत मिल रहे हैं कि हत्या उसी जगह की गई जहां शव मिला यानी शव को कहीं और से लाकर फेंका नहीं गया।

यह भी पढ़ें -कार 5 साल वर्कशॉप में अटकी, अब मालिक को ही देना होगा 40 हज़ार जुर्माना

पुलिस अब गांव और आसपास के इलाकों के CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि कोई सुराग मिल सके। कोई गाड़ी, कोई अजनबी चेहरा, कुछ भी जो उस रात या सुबह की हलचल को समझा सके। साथ ही आसपास के थाना क्षेत्रों में गुमशुदगी की शिकायतों का रिकॉर्ड भी देखा जा रहा है ताकि पहचान जल्दी हो सके।

शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट से उम्मीद है कि मौत का सही कारण, समय, और चोट की प्रकृति साफ़ हो जाएगी। फिलहाल पुलिस कैमरे पर कुछ भी बोलने से बच रही है ओर जांच अभी शुरुआती दौर में है।

यह भी पढ़ें -HTET 2026 Update: इसी साल आयोजित होगी हरियाणा शिक्षक पात्रता परीक्षा, हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने शुरू की तैयारियां

आगे क्या होगा इस घटना में

इस तरह के मामलों में आमतौर पर पहला कदम पहचान होती है ओर जब तक मृतक कौन था ये पता नहीं चलता, मकसद तथा आरोपी तक पहुंचना मुश्किल हो जाता है। CCTV फुटेज और गुमशुदगी रिकॉर्ड, दोनों इसी दिशा में पुलिस की सबसे बड़ी उम्मीद हैं। अगर टायर के निशान से कोई ठोस सुराग मिलता है, तो जांच को रफ़्तार मिल सकती है।