रेवाड़ी: रेवाड़ी। सड़क हादसों पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए रेवाड़ी पुलिस ने नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त रुख अपना लिया है। पुलिस अधीक्षक (SP) हेमेंद्र कुमार मीणा (IPS) के दिशा-निर्देशानुसार जिले भर में 21 से 27 सितंबर तक एक विशेष यातायात अभियान चलाया गया। इस सात दिवसीय अभियान के दौरान पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए कुल 1,218 वाहन चालकों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की है।
यह विशेष अभियान मुख्य रूप से ड्रिंक एंड ड्राइव, तेज आवाज वाले डीजे/प्रेशर हॉर्न, लेन चेंज नियमों के उल्लंघन और बुलेट बाइक से पटाखे छोड़कर हुड़दंग मचाने वालों पर केंद्रित था।
यह भी पढ़ें -डिजिटल अरेस्ट का खौफ दिखाकर 19.76 लाख की ठगी, फर्जी IPS गिरोह का एक और शातिर राजस्थान से गिरफ्तार
किन लोगों पर की गई है कार्यवाही
पुलिस ने सबसे ज्यादा शिकंजा लेन चेंज नियमों की अनदेखी करने वालों पर कसा और ऐसे 1,200 वाहन चालकों के चालान काटे।शराब पीकर वाहन चलाने वाले 08 चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई। तेज डीजे, प्रेशर हॉर्न और बुलेट से पटाखे छोड़कर क्षेत्र में दहशत व प्रदूषण फैलाने वाले 10 वाहन चालकों पर शिकंजा कसा गया।
सड़क सुरक्षा हम सबकी जिम्मेदारी: रेवाड़ी पुलिस
अभियान के दौरान रेवाड़ी पुलिस ने वाहन चालकों को नियमों के प्रति जागरूक करते हुए अपील की है कि:
- नशे की हालत में कभी भी वाहन न चलाएं।
- बुलेट बाइक में मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर पटाखे न छोड़ें।
- तेज डीजे और प्रेशर हॉर्न का प्रयोग कर ध्वनि प्रदूषण फैलाने से बचें।
- सड़क पर लेन बदलते समय अनिवार्य रूप से यातायात नियमों का पालन करें।
- वाहनों के शीशों पर ब्लैक फिल्म का प्रयोग न करें।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षित सफर के लिए यातायात नियमों का पालन बेहद जरूरी है। भविष्य में भी नियम तोड़ने वालों के खिलाफ इस तरह की सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
यह भी पढ़ें -रेवाड़ी में सेक्स रैकेट का भंडाफोड़: रॉकलैंड होटल का मालिक और महिला आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने 2 महिलाओं को कराया मुक्त







