रेवाड़ी: रेवाड़ी। जिले में अवैध गतिविधियों और अपराध पर अंकुश लगाने के लिए रेवाड़ी पुलिस द्वारा लगातार सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में पुलिस अधीक्षक श्री हेमेंद्र कुमार मीणा (IPS) के कड़े दिशा-निर्देशों तथा एएसपी श्रीमती दीपिका अग्रवाल के नेतृत्व में थाना मॉडल टाउन पुलिस ने रॉकलैंड होटल में चल रहे देह व्यापार के मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने मामले की गहन जांच करते हुए होटल मालिक अनूप और एक अन्य महिला आरोपी नर्गिश को गिरफ्तार कर लिया है।
बोगस ग्राहक भेजकर की गई थी छापेमारी
मिली जानकारी के अनुसार, गत 22 सितंबर को मॉडल टाउन थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि रॉकलैंड होटल में अवैध रूप से देह व्यापार का धंधा संचालित किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से एक बोगस ग्राहक बनाकर होटल में भेजा। मामला सही पाए जाते ही पुलिस टीम ने होटल पर छापेमारी की और मौके से 2 महिलाओं को इस दलदल से सकुशल मुक्त कराया।
यह भी पढ़ें -रेवाड़ी में ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर पुलिस का शिकंजा, 7 दिनों में 1218 चालान काटे
मामले में पहले भी हो चुकी है गिरफ्तारी
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस मामले में एक आरोपी सुनील को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। अब होटल के मालिक अनूप और महिला आरोपी नर्गिश की गिरफ्तारी के बाद पुलिस इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है, ताकि इसमें शामिल अन्य चेहरों को भी बेनकाब किया जा सके।
पुलिस की आमजन से अपील
रेवाड़ी पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि उनके आस-पास या क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अवैध या संदिग्ध गतिविधि संचालित हो रही हो, तो उसकी सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस स्टेशन या हेल्पलाइन पर दें। पुलिस प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह से गुप्त रखी जाएगी।







