जयपुर विकास प्राधिकरण (JDA) की ओर से शहरी नागरिकों की समस्याओं और विभिन्न सेवा संबंधी प्रकरणों के निस्तारण के लिए 7 से 16 अक्टूबर तक ‘सेवा सेतु अभियान-2026’ आयोजित किया जाएगा। इस दौरान JDA के नागरिक सेवा केन्द्र में जोनवार शिविर लगाए जाएंगे। संबंधित जोन के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर प्राप्त आवेदनों का यथासंभव उसी दिन निस्तारण करेंगे।

शिविर प्रातः 9:30 बजे से शाम 6 बजे तक चलेंगे। नागरिक अपने प्रकरणों के संबंध में अधिकारियों से सीधे संपर्क कर सकेंगे। संबंधित उपायुक्तों को आवेदनों और उनके निस्तारण की प्रगति की जानकारी भी प्रस्तुत करनी होगी।

यह भी पढ़ें -राजस्थान में अडानी रिन्यूएबल एनर्जी पार्क की 39वीं बोर्ड बैठक, भूमि और ऊर्जा नीतियों पर चर्चा

किस दिन किस जोन का शिविर

JDA के अनुसार 7 अक्टूबर को जोन 19, 21, PRN और 14 के शिविर होंगे। 8 अक्टूबर को जोन A, 11, 17 और 7 तथा 9 अक्टूबर को जोन B, 12, 22 और 8 के शिविर आयोजित किए जाएंगे।

10 अक्टूबर को जोन C, 13, 16 और 9 के लिए शिविर होंगे। इसके बाद 12 अक्टूबर को PRN, 14, 23 और 24, जबकि 13 अक्टूबर को जोन 7, 15, 25 और 11 के शिविर लगाए जाएंगे।

14 अक्टूबर को जोन 8, 18, B और 12, 15 अक्टूबर को जोन 9, 19, 21 और 14 तथा 16 अक्टूबर को जोन 10, 20, 22 और PRN के शिविर आयोजित किए जाएंगे।

यह भी पढ़ें -राजस्थान में जननी एक्सप्रेस सेवा की समीक्षा, हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं को समय पर अस्पताल पहुंचाने पर जोर

जोन कार्यालयों में भी मिल सकेगी सुविधा

JDA ने नागरिकों की सुविधा के लिए नागरिक सेवा केन्द्र के अलावा अभियान अवधि में प्रत्येक जोन के कार्यालय में भी शिविर लगाने का फैसला किया है। रविवार को छोड़कर प्रतिदिन संबंधित जोन कार्यालयों में शिविर लगाए जाएंगे।

इस व्यवस्था के तहत नागरिक अपने स्थानीय जोन कार्यालय में जाकर संबंधित प्रकरण के निस्तारण के लिए आवेदन कर सकेंगे।

यह भी पढ़ें -रीको के औद्योगिक क्षेत्रों में 500 से अधिक भूखंडों की ई-नीलामी, 13-14 अक्टूबर तक जमा होगी EMD

उपायुक्त होंगे शिविर प्रभारी

अभियान के तहत संबंधित जोन के उपायुक्त को शिविर प्रभारी और तहसीलदार को सह-प्रभारी बनाया गया है। इसके अलावा विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की गई है।

JDA की ओर से नागरिकों से कहा गया है कि वे अपने संबंधित जोन की निर्धारित तारीख के अनुसार नागरिक सेवा केन्द्र या जोन कार्यालय में पहुंचकर अपने प्रकरणों का निस्तारण करवाएं।