Haryana News: दिल्ली-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-48) पर एंबियंस मॉल से साइबर सिटी के बीच लगने वाले जाम से राहत के लिए दो प्रमुख निर्माण कार्यों को मंजूरी मिल गई है। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने शनिवार को एंबियंस मॉल से डीएलएफ साइबर सिटी तक दो लेन फ्लाईओवर और मोल्सरी एवेन्यू रोड से दिल्ली की ओर तीन लेन अंडरपास के निर्माण को सैद्धांतिक मंजूरी दी है। दोनों परियोजनाओं का निर्माण डीएलएफ लिमिटेड कराएगा।
इस परियोजना पर करीब 130 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। इसका पूरा वित्तीय भार डीएलएफ लिमिटेड उठाएगी। निर्माण शुरू होने के बाद मौजूदा सर्विस रोड की चौड़ाई प्रभावित नहीं होगी। इससे सर्विस रोड पर यातायात का दबाव कम करने में मदद मिलने की उम्मीद है।
यह भी पढ़ें -Delhi NCR में यहां बनेगा 8 किमी एलिवेटेड कॉरिडोर, भारी वाहनों को मिलेगा अलग रास्ता
रोजाना लाखों वाहनों का दबाव
उपलब्ध सर्वे के अनुसार दिल्ली-जयपुर हाईवे पर रोजाना करीब 3.63 लाख वाहनों का आवागमन होता है। इनमें दिल्ली से करीब 1.71 लाख वाहन गुरुग्राम की सीमा में प्रवेश करते हैं। इनमें लगभग 92 हजार वाहन एंबियंस मॉल के पास सर्विस लेन की ओर उतरते हैं।
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार वाहनों के इस दबाव के कारण एंबियंस मॉल से शंकर चौक और साइबर सिटी के बीच अक्सर कई किलोमीटर लंबा जाम लग जाता है। इससे वाहन चालकों को अतिरिक्त समय के साथ ईंधन की भी खपत करनी पड़ती है।
दिल्ली जाने वाले वाहनों को मिलेगा सीधा रास्ता
परियोजना के तहत मोल्सरी एवेन्यू रोड से जयपुर-दिल्ली मार्ग को जोड़ते हुए हाईवे के नीचे तीन लेन का अंडरपास बनाया जाएगा। इससे दिल्ली की ओर जाने वाले वाहनों को सीधे कनेक्टिविटी मिल सकेगी और उन्हें मौजूदा जाम वाले हिस्सों से गुजरने की जरूरत कम होगी।
यह भी पढ़ें -हरियाणा के इस जिले में बनेगी 4.2 किमी एलिवेटेड रोड, 776 करोड़ का टेंडर जारी
हरियाणा सरकार पहले ही फ्लाईओवर और अंडरपास के निर्माण को मंजूरी दे चुकी है। राज्य सरकार और एनएचएआई की ओर से दोनों के डिजाइन को भी मंजूरी मिलने की जानकारी दी गई है।
आगे महिपालपुर से एंबियंस मॉल तक एलिवेटेड रोड की योजना
एनएचएआई ने दिल्ली के महिपालपुर स्थित शिव मूर्ति से एंबियंस मॉल तक अलग एलिवेटेड रोड बनाने की भी योजना तैयार की है। भविष्य में इस एलिवेटेड रोड को प्रस्तावित फ्लाईओवर से जोड़ने की योजना है।
यह भी पढ़ें -नारनौल-अटेली-रेवाड़ी के यात्रियों को राहत, भावनगर-शकूरबस्ती स्पेशल ट्रेन के 7 अतिरिक्त फेरे
इसके बाद दिल्ली से साइबर सिटी, उद्योग विहार और राजीव चौक की ओर जाने वाले वाहनों को अपेक्षाकृत सीधा मार्ग मिल सकेगा।
डीएलएफ की ओर से जल्द ही बैरिकेडिंग कर निर्माण कार्य शुरू किए जाने की योजना है। परियोजना को दो से तीन वर्ष में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। निर्माण पूरा होने के बाद इस क्षेत्र में दिल्ली और गुरुग्राम के बीच आवागमन को आसान बनाने के साथ एनएच-48 पर यातायात दबाव कम करने की उम्मीद है।







