भावनगर टर्मिनस और शकूरबस्ती के बीच चलने वाली साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन के संचालन को आगे बढ़ाया गया है। पश्चिम रेलवे ने ट्रेन नंबर 09257/09258 के 7 अतिरिक्त फेरे चलाने का निर्णय लिया है। इससे नारनौल, अटेली, रेवाड़ी समेत इस रेलमार्ग से जुड़े यात्रियों को अतिरिक्त रेल सेवा का लाभ मिलेगा।

रेलवे के अनुसार ट्रेन नंबर 09257 भावनगर टर्मिनस-शकूरबस्ती प्रत्येक शुक्रवार को 16 अक्टूबर से 27 नवंबर तक चलेगी। वापसी में ट्रेन नंबर 09258 शकूरबस्ती-भावनगर टर्मिनस प्रत्येक शनिवार को 17 अक्टूबर से 28 नवंबर तक संचालित होगी।

यह भी पढ़ें -सेवा संकल्प अभियान: रेवाड़ी के जाटूसाना में आंगन मिलन सेवा का आयोजन, आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों और माताओं के लिए सजे कार्यक्रम

नारनौल सुबह 7:44 बजे पहुंचेगी ट्रेन

ट्रेन नंबर 09257 भावनगर टर्मिनस से दोपहर 2:20 बजे रवाना होगी। निर्धारित मार्ग से होते हुए ट्रेन अजमेर सुबह 3:25 बजे, रींगस सुबह 6:05 बजे और नारनौल सुबह 7:44 बजे पहुंचेगी। इसके बाद ट्रेन रेवाड़ी सुबह 9 बजे पहुंचकर सुबह 10:55 बजे शकूरबस्ती पहुंचेगी।

वापसी में ट्रेन नंबर 09258 शकूरबस्ती से दोपहर 1:15 बजे रवाना होगी। ट्रेन रेवाड़ी दोपहर 2:25 बजे, नारनौल दोपहर 3:09 बजे, रींगस शाम 4:39 बजे और अजमेर शाम 7:30 बजे पहुंचेगी। इसके बाद अगले दिन सुबह 8:50 बजे भावनगर टर्मिनस पहुंचेगी।

यात्रियों की मांग के बाद बढ़ाए गए फेरे

नारनौल-अटेली क्षेत्र में यात्रियों की सुविधा से जुड़ी मांगों को लेकर दैनिक रेलयात्री जागरूक मंच की ओर से लगातार रेलवे के समक्ष मुद्दा उठाया जा रहा था। मंच के अध्यक्ष अशोक कटारिया ने अतिरिक्त फेरे बढ़ाने के निर्णय पर रेलवे बोर्ड और रेल मंत्रालय का आभार जताया।

यह भी पढ़ें -रेवाड़ी में मुद्रा योजना से बदली प्रियांशु और नरेंद्र की तस्वीर, छोटे कारोबार को मिला बड़ा सहारा

कटारिया ने कहा कि यात्रियों की सुविधा के लिए मंच की ओर से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने रेलवे से मांग की कि इस रेलमार्ग पर यात्रियों की संख्या को देखते हुए ट्रेन नंबर 09257/09258 को भविष्य में स्थायी रूप से नियमित नंबर के साथ प्रतिदिन चलाया जाए।

उनके अनुसार, नियमित संचालन होने से नारनौल, अटेली, रेवाड़ी और मार्ग के अन्य स्टेशनों के यात्रियों को रोजाना रेल सेवा का लाभ मिल सकेगा।

यह भी पढ़ें -हरियाणा सरकार का बड़ा प्रशासनिक बदलाव, सुधीर राजपाल को वित्त और योजना विभाग का अतिरिक्त प्रभार