गांव मटहेड़ी में युवकों के बीच हो रहे झगड़े को रोकने पहुंचे नग्गल थाना प्रभारी सुरेश कुमार पर आरोप है कि झगड़ा कर रहे युवकों ने चाकू और ईंट से हमला कर दिया। हमले में थाना प्रभारी गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने हालत गंभीर होने पर पीजीआई सेक्टर-32 रेफर कर दिया।

पुलिस के अनुसार, थाना प्रभारी सुरेश कुमार गश्त पर थे। इसी दौरान गांव मटहेड़ी में उन्होंने कुछ युवकों को आपस में झगड़ते देखा। बताया गया कि चार-पांच युवक एक युवक के साथ मारपीट कर रहे थे। सुरेश कुमार युवक को बचाने के लिए वहां पहुंचे।

यह भी पढ़ें -'सेवा मेरा योगदान': झज्जर में गांधी जयंती पर स्वच्छता महाअभियान, श्रमदान से बदला पार्कों और शहर का नजारा

आरोप है कि बीच-बचाव करने के दौरान युवकों ने थाना प्रभारी पर ही हमला कर दिया। इस दौरान चाकू और ईंट से वार किए गए। हमले में उनकी गर्दन, सिर, बाजू और अंगूठे पर चोटें आईं।

वरिष्ठ अधिकारी अस्पताल पहुंचे

घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी सिविल अस्पताल पहुंचे और घायल थाना प्रभारी का हाल जाना। पूर्व मंत्री असीम गोयल भी अस्पताल पहुंचे।

मौके पर पहुंचे डीएसपी विजय कुमार ने बताया कि थाना प्रभारी ने एक युवक को बचाने के लिए अपनी जान जोखिम में डाली। उन्होंने कहा कि घटना के संबंध में पुलिस कार्रवाई कर रही है।

यह भी पढ़ें -बहादुरगढ़ में अवैध पीवीसी मार्केट और प्लास्टिक कचरे की डंपिंग पर लगा सख्त बैन, धारा 163 लागू

आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास

पुलिस ने हमले में शामिल युवकों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपियों को पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।