द्वारका एक्सप्रेसवे को गुरुग्राम-सोहना हाईवे से जोड़ने के लिए सदर्न पेरिफेरल रोड (एसपीआर) पर 4.2 किलोमीटर लंबी एलिवेटेड रोड बनाई जाएगी। गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) ने करीब 776 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना के लिए टेंडर जारी कर दिया है। परियोजना के तहत 8 लेन की एलिवेटेड रोड बनाई जाएगी, जिससे दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे की ओर आने-जाने वाले वाहन चालकों को भी बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी।

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शुक्रवार को परियोजना की समीक्षा की। जीएमडीए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पीसी मीणा ने बताया कि निर्माण के लिए टेंडर जारी किया जा चुका है। परियोजना में सर्विस रोड और प्रमुख जंक्शनों पर रैंप का भी प्रावधान किया गया है।

यह भी पढ़ें -हरियाणा के इस जिले में जाम से राहत की तैयारी, एक नए फ्लाईओवर को मिली मंजूरी

एसपीआर पर नीचे बनेगी मुख्य और सर्विस रोड

एलिवेटेड रोड के नीचे एसपीआर पर तीन-तीन लेन की मुख्य सड़क बनाई जाएगी। इसके अलावा दोनों तरफ दो-दो लेन की सर्विस रोड का निर्माण किया जाएगा। इससे एलिवेटेड मार्ग पर जाने वाले वाहनों के साथ स्थानीय यातायात के लिए भी अलग व्यवस्था उपलब्ध होगी।

परियोजना के तहत वाटिका चौक पर इंटरचेंज भी विकसित किया जाएगा। इससे अलग-अलग दिशाओं से आने वाले वाहनों को संबंधित मार्गों से जोड़ने में सुविधा होगी।

सेक्टर-75 और 75ए के लिए फ्लाईओवर

एलिवेटेड रोड का सीधा फायदा सेक्टर-75, 75ए, 69 और 70 समेत आसपास विकसित रिहायशी क्षेत्रों को मिलने की उम्मीद है। सेक्टर-75 और 75ए को विभाजित करने वाली मुख्य सड़क से तीन लेन का फ्लाईओवर प्रस्तावित है। यह फ्लाईओवर एलिवेटेड रोड के ऊपर से गुजरते हुए उससे जुड़ेगा।

यह भी पढ़ें -नारनौल-अटेली-रेवाड़ी के यात्रियों को राहत, भावनगर-शकूरबस्ती स्पेशल ट्रेन के 7 अतिरिक्त फेरे

इसी तरह सेक्टर-69 और 70 की मुख्य सड़क से गुरुग्राम-सोहना हाईवे की ओर जाने के लिए भी एलिवेटेड रोड के ऊपर से फ्लाईओवर बनाया जाएगा। इससे स्थानीय सड़कों और मुख्य एक्सप्रेसवे के बीच आवागमन के लिए अलग कनेक्टिविटी उपलब्ध होगी।

गुरुग्राम में दो और एलिवेटेड रोड की योजना

गुरुग्राम में यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए दो अन्य एलिवेटेड रोड परियोजनाओं को भी मंजूरी दी गई है। एनएचएआई की ओर से एमजी रोड पर करीब 4.5 किलोमीटर लंबी एलिवेटेड रोड बनाई जानी है। इसकी डीपीआर तैयार हो चुकी है।

यह भी पढ़ें -हरियाणा सरकार का बड़ा प्रशासनिक बदलाव, सुधीर राजपाल को वित्त और योजना विभाग का अतिरिक्त प्रभार

इसके अलावा दिल्ली-जयपुर हाईवे को द्वारका एक्सप्रेसवे से जोड़ने वाली मुख्य सड़क के करीब 2.25 किलोमीटर हिस्से को एलिवेटेड बनाने की भी मंजूरी दी गई है। इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद दिल्ली और गुरुग्राम के बीच यातायात को और सुगम बनाने का लक्ष्य है।