रेवाड़ी: बिजली बिल का भुगतान नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ बिजली वितरण निगम ने सख्ती बढ़ा दी है। जिले में 72 हजार से अधिक बिजली कनेक्शनों पर 112 करोड़ रुपये से ज्यादा का बकाया है। इनमें पांच हजार रुपये से अधिक बकाया वाले उपभोक्ताओं की सूची तैयार कर निगम कर्मचारी भुगतान के लिए लगातार संपर्क कर रहे हैं।
निगम के अनुसार, उपभोक्ताओं को दो-तीन बार सूचित करने के बाद भी यदि बकाया बिल जमा नहीं कराया जाता है तो बिजली कनेक्शन काटने की कार्रवाई की जा रही है। अब तक जिले में 300 से अधिक कनेक्शन काटे जा चुके हैं। इनमें कुछ सरकारी विभागों के कनेक्शन भी शामिल हैं।
यह भी पढ़ें -अंबाला में झगड़ा छुड़ाने पहुंचे थाना प्रभारी पर चाकू-ईंट से हमला, गंभीर हालत में PGI रेफर
घरेलू और ग्रामीण उपभोक्ताओं पर सबसे ज्यादा बकाया
उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, ग्रामीण घरेलू उपभोक्ताओं के 36,172 कनेक्शनों पर करीब 33.50 करोड़ रुपये बकाया हैं। शहरी घरेलू उपभोक्ताओं के 12,280 कनेक्शनों पर करीब 13.60 करोड़ रुपये की राशि लंबित है।
गैर-घरेलू श्रेणी के 9,283 कनेक्शनों पर करीब 16.76 करोड़ रुपये और एचटी औद्योगिक श्रेणी के 187 कनेक्शनों पर करीब 12.30 करोड़ रुपये बकाया बताया गया है। एलटी औद्योगिक श्रेणी के 849 कनेक्शनों पर करीब 7.45 करोड़ रुपये की बकाया राशि है।
कृषि श्रेणी में 12,718 कनेक्शनों पर करीब 5.21 करोड़ रुपये बकाया हैं।
यह भी पढ़ें -'सेवा मेरा योगदान': झज्जर में गांधी जयंती पर स्वच्छता महाअभियान, श्रमदान से बदला पार्कों और शहर का नजारा
सरकारी विभागों पर भी करोड़ों की देनदारी
बिजली बिल के बकाये में सरकारी विभाग भी शामिल हैं। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक सिंचाई विभाग के 19 कनेक्शनों पर करीब 10.62 करोड़ रुपये बकाया हैं, जो सरकारी विभागों में सबसे अधिक है।
जनस्वास्थ्य विभाग के 656 कनेक्शनों पर करीब 8.41 करोड़ रुपये और नगर निकायों के 47 कनेक्शनों पर करीब 2.08 करोड़ रुपये बकाया बताया गया है। अन्य सरकारी विभागों के 111 कनेक्शनों पर करीब 1.23 करोड़ रुपये की बकाया राशि है।
यह भी पढ़ें -बहादुरगढ़ में अवैध पीवीसी मार्केट और प्लास्टिक कचरे की डंपिंग पर लगा सख्त बैन, धारा 163 लागू
अंत्योदय भवन का कनेक्शन भी काटा
बकाया बिल की वसूली को लेकर निगम की कार्रवाई सरकारी कार्यालयों तक भी पहुंच चुकी है। करीब पांच दिन पहले अंत्योदय भवन का बिजली कनेक्शन काट दिया गया था। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, पांच दिन बाद भी यहां स्थित चार कार्यालयों में बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हुई है।
समय पर बिल जमा कराने की अपील
बिजली निगम का कहना है कि बकाया बिलों की वसूली के लिए कर्मचारियों को उपभोक्ताओं से संपर्क करने और उन्हें भुगतान के लिए सूचित करने के निर्देश हैं। निगम के अनुसार, समय पर बिल जमा नहीं होने से उसकी वित्तीय स्थिति पर दबाव बढ़ रहा है।
निगम ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि बिजली सेवाएं निर्बाध रूप से जारी रखने के लिए बकाया बिलों का समय पर भुगतान करें। भुगतान नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ आगे भी कनेक्शन काटने जैसी कार्रवाई की जा सकती है।







