Gurugram News: सोहना रोड एलिवेटेड हाईवे पर सुभाष चौक एक्जिट के पास देर रात दो तेज रफ्तार कारों की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद एक कार अनियंत्रित होकर हाईवे के बीचों-बीच पलट गई, जबकि दूसरी रिट्ज कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में दोनों वाहनों में सवार दो लोग घायल हुए, जिन्हें पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया। दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई गई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों वाहन काफी तेज गति से चल रहे थे। सुभाष चौक एक्जिट के पास पहुंचते ही दोनों कारों में टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक कार पलटने के बाद सड़क पर काफी दूर तक घिसटती चली गई। इस दौरान सड़क पर चिंगारियां भी उठती दिखाई दीं।
यह भी पढ़ें -हरियाणा सरकार का बड़ा प्रशासनिक बदलाव, सुधीर राजपाल को वित्त और योजना विभाग का अतिरिक्त प्रभार
राहगीरों ने घायलों को कार से बाहर निकाला
हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। पीछे से आ रहे वाहन चालकों ने अपनी गाड़ियां रोककर पलटी हुई कार में फंसे लोगों को बाहर निकालने में मदद की। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस और एंबुलेंस भी मौके पर पहुंची।
पुलिस ने दोनों घायलों को पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। समय पर इलाज मिलने के बाद उनकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है। हादसे में एयरबैग खुलने से भी बड़ी अनहोनी टल गई।
क्रेन से हटाए गए क्षतिग्रस्त वाहन
टक्कर के बाद दोनों वाहनों का मलबा सड़क पर फैल गया था और एक कार बीच हाईवे पर पलट गई थी। इससे कुछ समय के लिए यातायात की रफ्तार धीमी हो गई। पुलिस ने क्रेन की मदद से पलटी कार को सीधा कराया और दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर किनारे कराया। इसके बाद यातायात सामान्य हो गया।
यह भी पढ़ें -महेंद्रगढ़ में NH-148B पर 1.62 करोड़ की स्ट्रीट लाइट परियोजना अंतिम चरण में
सीसीटीवी फुटेज से होगी जांच
हादसे को लेकर अभी तक किसी पक्ष की ओर से शिकायत नहीं दी गई है। पुलिस घायलों और वाहन मालिकों से संबंधित जानकारी जुटा रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि दुर्घटना किस वाहन चालक की लापरवाही या तेज रफ्तार के कारण हुई।
पुलिस हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगालेगी। फुटेज के आधार पर टक्कर से पहले दोनों वाहनों की गति और घटनाक्रम की जांच की जाएगी। पुलिस ने वाहन चालकों से निर्धारित गति सीमा का पालन करने की अपील की है।
यह भी पढ़ें -हरियाणा पासिंग कार से 50.860 किलो गांजा जब्त, दिल्ली का आरोपी गिरफ्तार







