ब्यावरा से राजगढ़ की ओर आ रही हरियाणा पासिंग कार से पुलिस ने 50.860 किलो गांजा बरामद किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कार चालक को गिरफ्तार कर लिया। जब्त गांजे और कार की कुल अनुमानित कीमत करीब 11 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, 2 अक्टूबर को अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन शुद्धि के तहत कोतवाली पुलिस और विशेष टीम ने दंड जोड़ के पास घेराबंदी कर वाहनों की चेकिंग शुरू की थी। इसी दौरान ब्यावरा की ओर से राजगढ़ आ रही एक कार को रोकने का प्रयास किया गया।

यह भी पढ़ें -हरियाणा सरकार का बड़ा प्रशासनिक बदलाव, सुधीर राजपाल को वित्त और योजना विभाग का अतिरिक्त प्रभार

पुलिस को देखकर भागने की कोशिश

पुलिस के मुताबिक, कार चालक ने पुलिस को देखकर वाहन रोक दिया और गेट खोलकर भागने लगा। हालांकि, पहले से की गई घेराबंदी के चलते पुलिस टीम ने उसे पकड़ लिया।

इसके बाद कार की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान डिक्की और सीट के पीछे रखे कट्टों से कुल 50.860 किलो गांजा बरामद हुआ।

गांजा और कार जब्त

पुलिस ने बरामद गांजे के साथ उसके परिवहन में इस्तेमाल की जा रही कार को भी जब्त कर लिया। पुलिस के अनुसार गांजे की अनुमानित कीमत करीब 5 लाख रुपये और कार की कीमत करीब 6 लाख रुपये है। इस तरह कुल 11 लाख रुपये का मशरुका जब्त किया गया।

यह भी पढ़ें -महेंद्रगढ़ में NH-148B पर 1.62 करोड़ की स्ट्रीट लाइट परियोजना अंतिम चरण में

एनडीपीएस एक्ट में केस दर्ज

पुलिस ने आरोपी की पहचान भीमसिंह पिता रेशमपाल ढीमर (40) निवासी संजय कॉलोनी, ओखला फेस-2, दक्षिण दिल्ली के रूप में की है। आरोपी के खिलाफ कोतवाली थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार आरोपी को गिरफ्तार कर मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

यह भी पढ़ें -गुरुग्राम के सोहना रोड एलिवेटेड हाईवे पर दो कारों की जोरदार टक्कर, एक गाड़ी पलटी