रेवाड़ी: विशेष गहन पुनरीक्षण 2026: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 के तहत दावे एवं आपत्तियां दर्ज करवाने की 30 सितंबर अंतिम तिथि निर्धारित की गई है। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी श्री अभिषेक मीणा ने अपील की है कि जिला के सभी पात्र मतदाता सूची में अपना नाम एवं अन्य विवरण अवश्य जांच लें। यदि किसी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं है अथवा नाम, पता, आयु या अन्य विवरण में किसी प्रकार की त्रुटि है तो मतदाता निर्धारित समय से पहले संबंधित दावा अथवा आपत्ति दर्ज करवाएं।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी श्री अभिषेक मीणा ने बताया कि हरियाणा में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत 30 सितंबर 2026 तक दावे एवं आपत्तियां दाखिल की जाएगी। इसके साथ ही दावे एवं आपत्तियों का निपटारा 28 अक्टूबर तक किया जाएगा। उन्होंने बताया कि मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 6 नवंबर को होगा।
यह भी पढ़ें -डीसी अभिषेक मीणा ने जिला स्वास्थ्य समिति की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की, दिए सख्त निर्देश
उन्होंने आगे कहा कि स्वच्छ, शुद्ध एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती का आधार है। सभी पात्र नागरिक मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय रूप से भाग लेते हुए निर्वाचन प्रक्रिया को और अधिक पारदर्शी एवं मजबूत बनाने में अपना योगदान दें।







