रेवाड़ी: साइबर सुरक्षा अलर्ट: डिजिटल दौर में बच्चों की बढ़ती ऑनलाइन गतिविधियों को देखते हुए पुलिस अधीक्षक (एसपी) श्री हेमेंद्र कुमार मीणा (आईपीएस) ने अभिभावकों को विशेष रूप से सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि आज के समय में सतर्क अभिभावक ही बच्चों की ऑनलाइन सुरक्षा की सबसे बड़ी ढाल हैं।
एसपी हेमेंद्र कुमार मीणा ने अभिभावकों को सलाह देते हुए कहा कि वे बच्चों द्वारा इस्तेमाल किए जा रहे ऑनलाइन गेमिंग ऐप्स और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर उनकी गतिविधियों पर कड़ी नजर रखें। बच्चों को अनजान लिंक पर क्लिक करने, अज्ञात लोगों से चैट करने और संदिग्ध वीडियो कॉल से बचने के लिए जागरूक करें।
यह भी पढ़ें -अबू धाबी में बोले अर्जुन राम मेघवाल: डिजिटल न्याय और नए आपराधिक कानूनों से भारत में बदला जस्टिस सिस्टम
इसके साथ ही, उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि बच्चे किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपनी फोटो, मोबाइल नंबर, घर का पता या अन्य निजी जानकारी कदापि साझा न करें। सुरक्षा के लिहाज से अभिभावकों को बच्चों के मोबाइल फोन में 'पैरेंटल कंट्रोल' (Parental Control) फीचर्स का उपयोग करने की सलाह दी गई है।
यदि बच्चों के साथ साइबर बुलिंग, किसी तरह की धमकी या कोई संदिग्ध गतिविधि नजर आती है, तो बिना देर किए तुरंत पुलिस को सूचित करें। एसपी ने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार का साइबर अपराध होने पर तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या आधिकारिक पोर्टल cybercrime.gov.in पर अपनी शिकायत दर्ज कराएं।







