रेवाड़ी। हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने शुक्रवार को प्रदेशभर के उपायुक्तों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (वीसी) के माध्यम से जन शिकायत पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की गहन समीक्षा की। समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने सख्त निर्देश जारी करते हुए कहा कि जिला प्रशासन के पास जो भी शिकायतें लंबित हैं, उन पर तुरंत कार्रवाई कर 'एक्शन टेकन रिपोर्ट' भिजवाई जाए। मुख्यमंत्री ने बैठक में सभी विभागों की लंबित शिकायतों का ब्योरा लिया और अधिकारियों को जनहित के कार्यों में तेजी लाने के दिशा-निर्देश दिए।

रेवाड़ी डीसी अधिकारीयों के साथ मीटिंग करते हुए
रेवाड़ी डीसी अधिकारीयों के साथ मीटिंग करते हुए (फोटो: एक्स@DiproRewari)

समीक्षा बैठक के बाद रेवाड़ी के उपायुक्त (डीसी) श्री अभिषेक मीणा ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशों का जिले में पूरी गंभीरता के साथ पालन किया जा रहा है। रेवाड़ी जिले में समाधान शिविर, सीएम विंडो और जनसंवाद जैसे प्रमुख कार्यक्रमों में आने वाली सभी शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल शिकायत का निपटारा करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि समाधान के बाद शिकायतकर्ता से संपर्क कर उसकी संतुष्टि का फीडबैक भी लिया जाता है।

रेवाड़ी डीसी अधिकारीयों के साथ मीटिंग करते हुए
रेवाड़ी डीसी अधिकारीयों के साथ मीटिंग (फोटो: एक्स@DiproRewari)

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान राजस्व विभाग से संबंधित एक मामले की चर्चा करते हुए डीसी श्री अभिषेक मीणा ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि संबंधित शिकायत में इंतकाल (Mutation) की प्रक्रिया पूरी कर दी गई है। उपायुक्त ने दोहराया कि राज्य सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुसार जन शिकायतों का निवारण जिला प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है और किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।