रेवाड़ी: आमजन की समस्याओं के निवारण के लिए चलाए जा रहे समाधान शिविर नागरिकों की शिकायतों के समाधान का एक सशक्त माध्यम बन रहे हैं। नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना प्रशासन का प्राथमिक कर्तव्य है। ऐसे में विभागाध्यक्ष किसी भी शिकायत को लंबित न रखें और प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र कार्रवाई करते हुए उनका निदान सुनिश्चित करें।
यह निर्देश उपायुक्त (डीसी) श्री अभिषेक मीणा ने गुरुवार को लघु सचिवालय सभागार में आयोजित समाधान शिविर के दौरान अधिकारियों को दिए। शिविर में डीसी श्री अभिषेक मीणा और पुलिस अधीक्षक (एसपी) श्री हेमेंद्र मीणा ने संयुक्त रूप से अन्य प्रशासनिक अधिकारियों के साथ आमजन की समस्याओं एवं शिकायतों की गंभीरता से सुनवाई की।

डीसी श्री अभिषेक मीणा ने कहा कि हरियाणा सरकार की मंशा के अनुरूप समाधान शिविरों के माध्यम से आमजन को राहत पहुंचाई जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निपटारे में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी प्राप्त शिकायतों का तत्परता से समाधान करें।
वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
समाधान शिविर के दौरान प्रशासनिक अमला पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) श्री राहुल मोदी, एसडीएम रेवाड़ी श्री दलबीर सिंह, सीटीएम श्री जितेंद्र कुमार तथा डीएसपी श्री संजीव सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।


