डीसी श्री अभिषेक मीणा ने मंगलवार को लघु सचिवालय सभागार में जिला स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित विभिन्न कार्यक्रमों एवं योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ आमजन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने तथा योजनाओं के क्रियान्वयन में निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

डीसी श्री अभिषेक मीणा ने बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत पीएनडीटी कार्यक्रम की प्रगति की समीक्षा करते हुए कहा कि भ्रूण लिंग जांच पर पूर्ण रूप से रोक लगाने के लिए संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ प्रभावी कार्रवाई करें। उन्होंने पीएनडीटी एक्ट के प्रावधानों की सख्ती से पालना सुनिश्चित करने तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

यह भी पढ़ें -विशेष गहन पुनरीक्षण 2026: दावे-आपत्तियां दर्ज कराने की कल अंतिम तिथि, 6 नवंबर को जारी होगी अंतिम मतदाता सूची

उन्होंने जिला में स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता, अस्पतालों में आवश्यक सुविधाओं, दवाइयों की स्थिति तथा मरीजों को प्रदान की जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में आने वाले मरीजों को समय पर बेहतर उपचार एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।

डीसी ने अधिकारियों को स्वास्थ्य केंद्रों में साफ-सफाई, आवश्यक संसाधनों तथा अन्य व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। साथ ही स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में आमजन को जागरूक करने के लिए प्रभावी प्रचार-प्रसार करने को लेकर दिशा-निर्देश दिए।