रेवाड़ी: रेवाड़ी न्यूज़ हिंदी। हरियाणा सरकार के 'सेवा संकल्प अभियान' के अंतर्गत मंगलवार को रेवाड़ी जिले के गांव भाड़ावास में एक विशेष 'सेवा सेतु' शिविर का आयोजन किया गया। उपायुक्त (डीसी) श्री अभिषेक मीणा के मार्गदर्शन में आयोजित इस कैंप का मुख्य उद्देश्य पात्र परिवारों को सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ पहुंचाना और उन्हें जागरूक करना रहा।
जिला समाज कल्याण अधिकारी श्रीमती रेनू बाला ने शिविर के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि हरियाणा सरकार द्वारा प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के निरंतर सेवा काल की जनकल्याणकारी उपलब्धियों और योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए यह पहल की गई है। इसके साथ ही प्रत्येक नागरिक को ‘विकसित भारत-2047’ के सामूहिक संकल्प से जोड़ने के उद्देश्य से 17 अक्टूबर 2026 तक 'सेवा संकल्प अभियान' के तहत जिले भर में सेवा सेतु कैंपों का निरंतर आयोजन किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें -डीसी अभिषेक मीणा ने जिला स्वास्थ्य समिति की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की, दिए सख्त निर्देश
उन्होंने स्पष्ट किया कि इस अभियान का मुख्य ध्येय सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं की पहुंच को अंतिम व्यक्ति तक अधिक सुगम बनाना है, ताकि सभी पात्र नागरिक अपने अधिकारों और उपलब्ध सुविधाओं के प्रति जागरूक हो सकें।
आवश्यक दस्तावेजों और प्रक्रिया की दी गई जानकारी
भाड़ावास में आयोजित इस शिविर के दौरान उपस्थित नागरिकों को विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने के लिए जरूरी प्रक्रियाओं, आवश्यक दस्तावेजों और संबंधित विभागीय सेवाओं के बारे में विस्तार से मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
जिला समाज कल्याण अधिकारी ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा चलाए जा रहे ये सेवा सेतु कैंप नागरिक सुविधाओं को उनके द्वार तक पहुंचाने का एक बेहद महत्वपूर्ण माध्यम बन रहे हैं। उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि वे इन कैंपों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें, विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें और अपनी पात्रता के अनुसार सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए आवश्यक प्रक्रिया को समय पर पूरा करें।
यह भी पढ़ें -विशेष गहन पुनरीक्षण 2026: दावे-आपत्तियां दर्ज कराने की कल अंतिम तिथि, 6 नवंबर को जारी होगी अंतिम मतदाता सूची







