रेवाड़ी। माजरा एम्स संस्थान के निर्माण कार्यों और उससे जुड़ी बुनियादी सुविधाओं को गति देने के लिए जिला प्रशासन पूरी गंभीरता के साथ प्रयासरत है। एम्स से संबंधित तमाम कार्य योजनाओं की राज्य सरकार द्वारा भी नियमित रूप से मॉनिटरिंग की जा रही है।

यह बात रेवाड़ी के उपायुक्त (डीसी) श्री अभिषेक मीणा ने वीरवार को माजरा एम्स संस्थान परिसर में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान कही। इस उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता माजरा रेवाड़ी एम्स के सीईओ एवं कार्यकारी निदेशक डा. डी. एन. शर्मा ने की।

220 करोड़ से बनेगा आरओबी, जल्द जारी होगा टेंडर

बैठक में डीसी अभिषेक मीणा ने जानकारी दी कि एम्स कनेक्टिविटी को सुगम बनाने के लिए नेशनल हाई-वे 11 के साथ रेलवे ओवरब्रिज (ROB) निर्माण की योजना को सरकार से स्वीकृति मिल चुकी है। लगभग 220 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस आरओबी का टेंडर जल्द ही जारी कर दिया जाएगा। इसके अलावा, यातायात को बाधारहित बनाने के उद्देश्य से डीसी ने लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता श्री सतेंद्र श्योराण को चिताडूंगरा रोड से तुरंत अतिक्रमण हटाने और सड़क को चौड़ा करने के कड़े निर्देश दिए।

majra aiims rewari construction rob approval mbbs classes
एम्स प्रबंधन के साथ जिला प्रशासन की बैठक। (फोटो: सोशल मीडिया एक्स@DiproRewari)

जल्द शुरू होगा एमबीबीएस का पहला बैच, सुरक्षा के लिए बनेगी पुलिस चौकी

बैठक के दौरान एम्स के निदेशक डा. डी.एन. शर्मा ने संस्थान की प्रगति रिपोर्ट साझा करते हुए बताया कि एम्स में पहले बैच की एमबीबीएस (MBBS) कक्षाएं जल्द ही आरंभ कर दी जाएंगी। इसके लिए दाखिला प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और फैकल्टी ने भी जॉइन कर लिया है।

majra aiims rewari construction rob approval mbbs classes (1)

परिसर की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए निदेशक ने डीसी से यहां एक समर्पित पुलिस चौकी स्थापित करने का अनुरोध किया, जिस पर डीसी श्री अभिषेक मीणा ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए जल्द पुलिस चौकी स्थापित करवाने का पूर्ण आश्वासन दिया। बैठक के अंत में एम्स प्रबंधन के अधिकारियों ने निर्माण कार्यों में लगातार मिल रहे प्रशासनिक सहयोग के लिए जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया।