रेवाड़ी। आमजन की शिकायतों के शीघ्र, पारदर्शी और संतोषजनक समाधान के उद्देश्य से हरियाणा सरकार द्वारा जिला व उपमंडल स्तर पर विशेष 'समाधान शिविरों' का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में सोमवार को लघु सचिवालय स्थित परिसर में समाधान शिविर का आयोजन हुआ, जिसमें जिला उपायुक्त (डीसी) श्री अभिषेक मीणा ने स्वयं नागरिकों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को पूरी संवेदनशीलता के साथ इनका प्राथमिकता के आधार पर निपटारा करने के सख्त निर्देश दिए।

जनसुनवाई के दौरान डीसी श्री अभिषेक मीणा ने कहा कि नागरिकों की शिकायतों का त्वरित और संतोषजनक निस्तारण ही प्रशासनिक कार्यशैली का असली प्रतिबिंब होता है। उन्होंने जोर देकर कहा, "यदि प्रशासन आम जनता को पारदर्शी और समयबद्ध समाधान देने में सफल रहता है, तो इससे न केवल प्रशासनिक व्यवस्था मजबूत होती है, बल्कि शासन-प्रशासन में जनता का भरोसा भी और अधिक गहरा होता है।"

यह भी पढ़ें -जन शिकायतों पर सीएम नायब सैनी का कड़ा रुख, रेवाड़ी डीसी ने दिए तुरंत समाधान के निर्देश

जनसुनवाई
माधान शिविर में डीसी अभिषेक मीणा शिकायतें सुनते हुए

डीसी ने जानकारी देते हुए बताया कि आमजन और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने, लोगों की समस्याओं को दूर करने तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए ये शिविर अत्यंत कारगर साबित हो रहे हैं। जिला व उपमंडल स्तर पर प्रत्येक सोमवार और गुरुवार को प्रातः 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि नागरिकों को अलग-अलग दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें और एक ही छत के नीचे उनकी समस्याओं का समाधान हो सके।

इस समाधान शिविर के दौरान अपर उपायुक्त (एडीसी) श्री राहुल मोदी, सीटीएम श्री जितेंद्र कुमार, डीएसपी सहित जिला प्रशासन के तमाम वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।