रेवाड़ी न्यूज़। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन एवं शासन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित 'सेवा संकल्प अभियान' के तहत वडनगर से वाराणसी सेवा यात्रा का जिले में आगमन हुआ। रविवार देर सायं जिमखाना क्लब में यात्रा के आगमन पर एक भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों, प्रगतिशील किसानों तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

पगड़ी और पुष्पगुच्छ भेंट कर किया यात्रा का स्वागत

वडनगर से वाराणसी सेवा यात्रा के रेवाड़ी पहुंचने पर यात्रा में शामिल सदस्यों का पारंपरिक रूप से पगड़ी पहनाकर तथा पुष्पगुच्छ भेंट कर भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम स्थल पर उपस्थित लोगों ने पूरे उत्साह के साथ यात्रा की अगवानी की।

यह भी पढ़ें -डिजिटल अरेस्ट का खौफ दिखाकर 19.76 लाख की ठगी, फर्जी IPS गिरोह का एक और शातिर राजस्थान से गिरफ्तार

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान कलाकारों ने देशभक्ति, हरियाणवी संस्कृति और सामाजिक सरोकारों से जुड़ी विभिन्न मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। इन रंगारंग प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया जिससे पूरे कार्यक्रम स्थल पर उत्साह एवं उल्लास का माहौल बना रहा।

वरिष्ठ नेताओं और अतिथियों की रही गरिमामयी मौजूदगी

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता और राष्ट्रीय महामंत्री श्री जयप्रकाश छाबड़ी ने शिरकत की। इस अवसर पर रेवाड़ी विधायक श्री लक्ष्मण सिंह यादव, बावल विधायक डॉ. कृष्ण कुमार, भाजपा प्रदेश प्रभारी प्रो. मदन लाल गोयल तथा भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. वंदना पोपली विशेष रूप से मौजूद रहे।

जन-जन तक सेवा और सुशासन पहुंचाना उद्देश्य: डॉ. अर्चना गुप्ता

समारोह को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य सेवा, सुशासन और जनकल्याण की भावना को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाना है। उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के इस ऐतिहासिक अवसर पर विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से सेवा और समर्पण की भावना को जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है।

यह भी पढ़ें -रेवाड़ी में ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर पुलिस का शिकंजा, 7 दिनों में 1218 चालान काटे

प्रतिभाओं और लाभार्थियों का हुआ सम्मान

समारोह के दौरान विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में बेहतरीन प्रदर्शन कर जिले और प्रदेश का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही, खेती में नवाचार एवं आधुनिक कृषि पद्धतियों को अपनाकर मिसाल कायम करने वाले प्रगतिशील किसानों का भी सम्मान हुआ। कार्यक्रम में केंद्र एवं प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने वाले लाभार्थियों को भी सम्मानित कर प्रोत्साहित किया गया।