हरियाणा पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने हिसार में कार्रवाई करते हुए पांच लाख रुपये के इनामी मोस्ट वांटेड आरोपी को गिरफ्तार किया है। हिसार STF की टीम ने विशेष सूचना के आधार पर आरोपी को राजगढ़ रोड स्थित बाईपास फ्लाईओवर के पास से पकड़ा। आरोपी पंजाब के अबोहर में शोरूम संचालक की हत्या के मामले में वांछित था।

गिरफ्तार आरोपी पंजाब के राजीव नगर का रहने वाला बताया गया है। पुलिस के मुताबिक, तलाशी के दौरान उसके कब्जे से .32 बोर की अवैध पिस्तौल और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए गए।

यह भी पढ़ें -अक्टूबर में भी हरियाणा में गर्मी बरकरार, महेंद्रगढ़ सबसे गर्म, 7-8 अक्टूबर को बारिश के आसार

हथियार बरामदगी पर हिसार में केस दर्ज

हथियार बरामद होने के बाद आरोपी के खिलाफ थाना आजाद नगर, हिसार में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार यह केस एफआईआर नंबर 520, दिनांक 2 अक्टूबर 2026 के तहत शस्त्र अधिनियम की धारा 25(6) और 25(1-B)(A) में दर्ज किया गया है।

अबोहर में शोरूम संचालक की हत्या का आरोप

पुलिस के अनुसार आरोपी अबोहर के न्यू वेयरवेल शोरूम के संचालक संजय वर्मा की हत्या के मामले में भी वांछित था। आरोप है कि आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर शोरूम के बाहर संजय वर्मा की हत्या की थी।

इस मामले में थाना सिटी-1, अबोहर, जिला फाजिल्का में 7 जुलाई 2025 को भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं और शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया था। आरोपी की गिरफ्तारी में सहायक सूचना देने पर पंजाब पुलिस ने पांच लाख रुपये का इनाम घोषित किया था।

यह भी पढ़ें -अंबाला में झगड़ा छुड़ाने पहुंचे थाना प्रभारी पर चाकू-ईंट से हमला, गंभीर हालत में PGI रेफर

पूछताछ में अन्य मामलों की जानकारी जुटा रही पुलिस

STF अब आरोपी से पूछताछ कर रही है। पुलिस उसकी अन्य आपराधिक गतिविधियों, संभावित सहयोगियों और दूसरे मामलों में उसकी भूमिका के बारे में जानकारी जुटा रही है। जांच के दौरान उसके आपराधिक नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और मामलों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

हरियाणा के पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल ने कहा कि पुलिस संगठित अपराध और गंभीर मामलों में वांछित फरार आरोपियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि अंतरराज्यीय पुलिस समन्वय मजबूत करने और अपराधियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने पर पुलिस का जोर है।

यह भी पढ़ें -'सेवा मेरा योगदान': झज्जर में गांधी जयंती पर स्वच्छता महाअभियान, श्रमदान से बदला पार्कों और शहर का नजारा