महेंद्रगढ़: अक्टूबर की शुरुआत के बावजूद हरियाणा में गर्मी से फिलहाल राहत मिलती नहीं दिख रही है। बारिश की कमी और लगातार शुष्क मौसम के चलते दिन का तापमान सामान्य से ऊंचा बना हुआ है। शुक्रवार को प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान पिछले दिन के मुकाबले 0.6 डिग्री सेल्सियस बढ़ गया।
मौसम विभाग के अनुसार अगले पांच दिनों तक प्रदेश में मौसम मुख्य रूप से साफ और शुष्क रहने की संभावना है। इस दौरान किसी विशेष मौसम अलर्ट की घोषणा नहीं की गई है। हालांकि 7 और 8 अक्टूबर को कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। बारिश होने पर दिन के तापमान में कुछ गिरावट आने की संभावना है।
यह भी पढ़ें -हिसार में 5 लाख के इनामी आरोपी को STF ने पकड़ा, पिस्तौल और कारतूस बरामद
महेंद्रगढ़ में 37.9 डिग्री तापमान
2 अक्टूबर के मौसम आंकड़ों के अनुसार महेंद्रगढ़ प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा। यहां अधिकतम तापमान 37.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हिसार में 37.5, नूंह में 37.1, फरीदाबाद में 36.5, पलवल में 36.2 और रेवाड़ी में 36 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा।
इसके अलावा सिरसा में 35.7 और गुरुग्राम में 35.2 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। अंबाला में 34.3, फतेहाबाद में 34.2, करनाल में 33.8, कुरुक्षेत्र और पानीपत में 33.2, कैथल में 32.6 तथा पंचकूला में 32.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।
बारिश नहीं होने से बढ़ी गर्मी
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में बारिश नहीं हुई। बारिश के अभाव में वातावरण में नमी और बादलों की मौजूदगी कम रही। वहीं दिन के समय तेज धूप के कारण तापमान बढ़ा और दोपहर में गर्मी का असर महसूस हुआ।
यह भी पढ़ें -अंबाला में झगड़ा छुड़ाने पहुंचे थाना प्रभारी पर चाकू-ईंट से हमला, गंभीर हालत में PGI रेफर
मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल अगले सात दिनों के लिए प्रदेश में कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है। ऐसे में आने वाले दिनों में भी दिन के समय गर्मी और शुष्क मौसम बने रहने की संभावना है। 7 और 8 अक्टूबर को संभावित बारिश से कुछ क्षेत्रों में तापमान में अस्थायी राहत मिल सकती है।







