Haryana News: कैथल के सिविल लाइन थाने में एसीबी की रिश्वत कार्रवाई के बाद तत्कालीन थाना प्रभारी इंस्पेक्टर रमेश चंद्र को सस्पेंड कर दिया गया है। उन्हें पुलिस लाइन भेजा गया है। पुलिस के अनुसार, उनके खिलाफ विभागीय स्तर पर जांच की जा रही है।
रमेश चंद्र पर सुभाष नगर निवासी साहिल की शिकायत को बिना किसी अधिकारी या कर्मचारी को मार्क किए अपने पास रखने के मामले में विभागीय कार्रवाई की गई है। हालांकि, पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से स्पष्ट किया गया है कि उनका निलंबन रिश्वत मामले में सीधे तौर पर नहीं, बल्कि एक विभागीय जांच के तहत किया गया है।
यह भी पढ़ें -हरियाणा के कैथल में ACB का एक्शन: थाने में ही रिश्वत लेते SI गिरफ्तार
ट्रांसफर के अगले दिन एसआई को रिश्वत लेते पकड़ा
रमेश चंद्र को एसीबी की कार्रवाई से एक दिन पहले ही सिविल लाइन थाने से बदलकर थाना कलायत का प्रभारी लगाया गया था। इसके अगले दिन सिविल लाइन थाने में तैनात सब इंस्पेक्टर राजेश कुमार को एसीबी की टीम ने 25 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया।
इस कार्रवाई के बाद सिविल लाइन थाने में शिकायतों के निपटारे और संबंधित पुलिस अधिकारियों की भूमिका को लेकर विभागीय स्तर पर जांच शुरू हुई।
शिकायत अपने पास रखने पर हुई कार्रवाई
सामने आई जानकारी के अनुसार, जिस शिकायत को लेकर कार्रवाई की गई, उसे तत्कालीन एसएचओ रमेश चंद्र ने किसी अन्य पुलिसकर्मी या अधिकारी को मार्क करने के बजाय अपने पास रखा था। इसी मामले को विभागीय कार्रवाई का आधार बताया गया है।
यह भी पढ़ें -हरियाणा में 7 से 12 अक्टूबर तक बदलेगा मौसम, दो पश्चिमी विक्षोभ से बारिश के आसार
रिश्वत मामले में कार्रवाई के दो दिन बाद रमेश चंद्र के निलंबन के आदेश जारी किए गए। फिलहाल वे पुलिस लाइन में हैं और उनके खिलाफ विभागीय जांच चल रही है।
कैथल एसपी मनप्रीत सिंह सूदन ने बताया कि इंस्पेक्टर रमेश चंद्र को एक विभागीय जांच के तहत सस्पेंड किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें -हरियाणा के इस जिले में बनेगी 4.2 किमी एलिवेटेड रोड, 776 करोड़ का टेंडर जारी
वहीं, रिश्वत लेते गिरफ्तार किए गए एसआई राजेश कुमार को एसीबी की कार्रवाई के बाद 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।







