Haryana News: अंबाला, पंचकूला समेत उत्तरी हरियाणा में पहले चरण में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना, 10 से 12 अक्टूबर के बीच प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में बढ़ेगी ठंडक।
हरियाणा में अगले छह दिनों के दौरान दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से मौसम में बदलाव की संभावना है। 7 अक्टूबर की रात से 9 अक्टूबर तक पहले पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तरी हरियाणा के कुछ जिलों में हवाओं और गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। इसके बाद 10 से 12 अक्टूबर के बीच दूसरे पश्चिमी विक्षोभ के असर से प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में आंशिक बादल छाने और हल्की बारिश के आसार हैं।
यह भी पढ़ें -हरियाणा में अगले तीन दिन मौसम रहेगा शुष्क, 6 और 9 अक्टूबर को बारिश के आसार
पहले पश्चिमी विक्षोभ का असर खास तौर पर अंबाला, पंचकूला, यमुनानगर और कुरुक्षेत्र में दिखाई देने की संभावना है। इन जिलों में हल्की बारिश के साथ तेज हवाएं और गरज-चमक हो सकती है। प्रदेश के अन्य हिस्सों में इस दौरान छिटपुट बूंदाबांदी की संभावना जताई गई है।
10 से 12 अक्टूबर तक बढ़ेगी ठंडक
दूसरा पश्चिमी विक्षोभ 9 अक्टूबर को सक्रिय होने की संभावना है। इसके प्रभाव से 10 से 12 अक्टूबर तक हरियाणा के ज्यादातर हिस्सों में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं। इस दौरान हवाओं और गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है।
बारिश और हवाओं के कारण दिन और रात दोनों के तापमान में गिरावट आने की उम्मीद है। इससे मौसम में ठंडक बढ़ेगी और रात के समय गुलाबी ठंड की शुरुआत हो सकती है।
यह भी पढ़ें -अक्टूबर में भी हरियाणा में गर्मी बरकरार, महेंद्रगढ़ सबसे गर्म, 7-8 अक्टूबर को बारिश के आसार
अभी सामान्य से ऊपर चल रहा तापमान
पिछले चार-पांच दिनों से पश्चिमी शुष्क हवाओं के कारण हरियाणा में तापमान लगातार बढ़ रहा है। फिलहाल प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 2.3 डिग्री सेल्सियस और औसत न्यूनतम तापमान 2.2 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया है।
हिसार में अधिकतम तापमान 39.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से 3.2 डिग्री अधिक है। नारनौल में पारा 38.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 4.9 डिग्री अधिक है। इसके अलावा भिवानी में 38.0 डिग्री और चरखी दादरी में 37.1 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
यह भी पढ़ें -कैथल रिश्वत केस के बाद तत्कालीन सिविल लाइन थाना प्रभारी रमेश चंद्र सस्पेंड
किसानों को मौसम देखकर काम की सलाह
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार के मौसम विशेषज्ञ डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार आने वाले दिनों में बारिश और तेज हवाओं के कारण तापमान में गिरावट आएगी। रात के समय मौसम में ठंडक बढ़ने की संभावना है।
उन्होंने किसानों को मौसम में होने वाले बदलाव को ध्यान में रखते हुए फसलों की सिंचाई और कटाई की योजना बनाने की सलाह दी है।







