रेवाड़ी: रेवाड़ी। साउथ रेंज रेवाड़ी में पुलिस विभाग की बहुप्रतीक्षित बी-1 परीक्षा का सफल आयोजन किया गया। चेयरपर्सन एवं साउथ रेंज रेवाड़ी के आईजीपी श्री ओम प्रकाश नरवाल (IPS) की अध्यक्षता में यह विभागीय परीक्षा गत 26 एवं 27 सितंबर को राज इंटरनेशनल स्कूल, रेवाड़ी में आयोजित की गई। पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी और योग्यता के आधार पर संपन्न कराया गया।
सिपाही से मुख्य सिपाही (हेड कांस्टेबल) के पद पर पदोन्नति के लिए आयोजित इस ऑनलाइन परीक्षा में साउथ रेंज के विभिन्न जिलों जिनमे रेवाड़ी, पलवल, नूंह एवं महेंद्रगढ़ के 496 पुरुष एवं महिला सिपाहियों ने भाग लिया। कंप्यूटर आधारित इस परीक्षा में कुल 140 बहुविकल्पीय प्रश्न (MCQs) पूछे गए थे, जिसके लिए न्यूनतम 70 अंक निर्धारित किए गए थे। कड़ी प्रतिस्पर्धा और मूल्यांकन के बाद कुल 129 जवानों ने इस लिखित परीक्षा को सफलतापूर्वक उत्तीर्ण किया है।
यह भी पढ़ें -डिजिटल अरेस्ट का खौफ दिखाकर 19.76 लाख की ठगी, फर्जी IPS गिरोह का एक और शातिर राजस्थान से गिरफ्तार

परीक्षा के दौरान व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद रखने के लिए आईजीपी श्री ओम प्रकाश नरवाल ने स्वयं परीक्षा केंद्र का निरीक्षण किया और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि पदोन्नति प्रक्रिया पूरी तरह से निष्पक्ष और योग्यता पर आधारित है।
लिखित परीक्षा में सफलता हासिल करने वाले जवान अब अगले चरण की परेड परीक्षा में हिस्सा लेंगे। विभाग के अनुसार, लिखित एवं परेड परीक्षा दोनों में सफल रहने वाले अभ्यर्थियों का अंतिम चयन मेरिट सूची के आधार पर किया जाएगा।







