बावल। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन एवं शासन के सफल 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आगामी 17 अक्तूबर तक चलाए जा रहे 'सेवा संकल्प अभियान' के तहत वडनगर से वाराणसी सेवा बाइक यात्रा (रूट नंबर -7) सोमवार को बावल पहुंची। खेड़ा बैरियर से बावल सीमा में प्रवेश करते ही यात्रा का कार्यकर्ताओं और स्थानीय आमजन द्वारा विभिन्न स्थानों पर ढोल-नगाड़ों और पुष्पवर्षा के साथ भव्य स्वागत किया गया।

कार्यक्रम में बावल विधायक डॉ. कृष्ण कुमार ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। वहीं भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. वंदना पोपली एवं जिला प्रभारी प्रो. मदन लाल गोयल विशेष रूप से मौजूद रहे। बावल पहुंची इस विशेष बाइक यात्रा में छोटे उदयपुर (गुजरात) से सांसद जशुभाई भीलूभाई राठवा तथा यात्रा प्रभारी विश्वजीत प्रमुख रूप से शामिल रहे।

यह भी पढ़ें -कोविड काल का पेमेंट अटकाने पर अफसरों पर गिरेगी गाज, कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने दिए चार्जशीट के निर्देश

जन-जन तक सेवा और जागरूकता पहुंचाना उद्देश्य: डॉ. कृष्ण कुमार

समारोह को संबोधित करते हुए बावल विधायक डॉ. कृष्ण कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के बेमिसाल सार्वजनिक जीवन के उपलक्ष्य में यह सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार भी लगातार जन-कल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस सेवा बाइक यात्रा का मुख्य उद्देश्य समाज में सेवा, जनकल्याण और सामाजिक जागरूकता का संदेश फैलाना है।

महापुरुषों को नमन, पर्यावरण और स्वच्छता का दिया संदेश

यात्रा के दौरान दीनबंधु सर छोटूराम चौक, शहीद राम भगत चौक तथा डॉ. भीमराव अंबेडकर चौक पर पहुंचकर महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इसके पश्चात भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर पार्क में पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेने के साथ-साथ विशेष सफाई अभियान भी चलाया गया, जिसमें आमजन को आसपास स्वच्छता बनाए रखने और अधिक से अधिक पौधे लगाने के लिए प्रेरित किया गया।