रेवाड़ी: रेवाड़ी: 'सेवा संकल्प अभियान' के तहत आयोजित यात्रा में वीर शहीदों के जीवन से राष्ट्रभक्ति की प्रेरणा मिलती है। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं विधायक श्री लक्ष्मण सिंह यादव ने कही। उन्होंने सोमवार को रेवाड़ी शहर के रेजांगला पार्क से सेवा संकल्प यात्रा (रूट नंबर-10) को पटौदी एवं गुरुग्राम जिला की ओर हरी झंडी दिखाकर विदा किया।
यात्रा की रवानगी से पूर्व रेजांगला पार्क परिसर में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जहाँ देश की रक्षा में अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर विधायक श्री लक्ष्मण सिंह यादव ने रेवाड़ी जिला की शहीद वीरांगनाओं को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। इसके साथ ही सेवा यात्रियों ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पार्क प्रांगण में पौधरोपण भी किया।
यह भी पढ़ें -वडनगर से वाराणसी सेवा बाइक यात्रा का बावल में भव्य स्वागत, महापुरुषों को किया नमन

संबोधन के दौरान विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि गुजरात के वडनगर से वाराणसी और वाराणसी से वडनगर की ओर 'सेवा संकल्प अभियान' के तहत कुल 20 यात्राएं चलाई जा रही हैं। इन यात्राओं में लगभग एक हजार भाजपा कार्यकर्ता मोटरसाइकिल पर सवार होकर चल रहे हैं, जिनमें से दो यात्राएं रेवाड़ी जिले से होकर गुजर रही हैं।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की निष्ठावान राष्ट्र सेवा को समर्पित यह अभियान 17 सितंबर से आरंभ हुआ है, जो 7 अक्तूबर तक जारी रहेगा। उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री की इसी सेवा भावना को आदर्श मानकर हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी प्रदेश में जनकल्याण की कई ऐतिहासिक योजनाएं चला रहे हैं। विगत 12 वर्षों में केंद्र सरकार द्वारा शुरू किए गए जनहित कार्यक्रमों का राज्य में सफलता पूर्वक संचालन किया जा रहा है।
इस दौरान सभी सेवा यात्रियों ने रेजांगला के ऐतिहासिक महत्व और वीर गाथाओं को ध्यानपूर्वक सुना तथा देश के अमर शहीदों को नमन किया।
यह भी पढ़ें -वडनगर से वाराणसी सेवा यात्रा का बावल में भव्य स्वागत, विधायक और दिग्गज नेताओं ने की आगवानी







