रेवाड़ी। साइबर अपराधियों का दुस्साहस लगातार बढ़ता जा रहा है, लेकिन रेवाड़ी साइबर थाना पुलिस ने ऐसे ही एक शातिर गिरोह पर शिकंजा कसते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। फर्जी IPS अधिकारी बनकर एक व्यक्ति से 19 लाख 76 हजार 600 रुपये की साइबर ठगी करने के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को राजस्थान के भरतपुर से दबोच लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सद्दीक उर्फ गूल्लू, निवासी पालडी (जिला भरतपुर, राजस्थान) के रूप में हुई है।

अश्लील वीडियो वायरल करने का दिखाया था खौफ

मामले का खुलासा करते हुए साइबर थाना पुलिस ने बताया कि ठगों ने पीड़ित को फोन करके खुद को पुलिस विभाग का उच्च अधिकारी (IPS) बताया था। इसके बाद आरोपी ने पीड़ित को उसके नाम से अश्लील वीडियो इंटरनेट पर वायरल होने का डर दिखाया। जब पीड़ित घबरा गया, तो ठगों ने उस वीडियो को डिलीट करवाने और केस से नाम हटाने के एवज में अलग-अलग बैंक खातों में कुल 19,76,600 रुपये ट्रांसफर करवा लिए।

यह भी पढ़ें -रेवाड़ी में ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर पुलिस का शिकंजा, 7 दिनों में 1218 चालान काटे

तीन आरोपी पहले ही हो चुके हैं गिरफ्तार

ठगी का अहसास होने पर पीड़ित ने तुरंत रेवाड़ी साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए इस गिरोह के 3 आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। इसी कड़ी में कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए चौथे आरोपी सद्दीक उर्फ गूल्लू को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत (जेल) में भेज दिया गया है। मामले में संलिप्त अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

रेवाड़ी पुलिस की आमजन से अपील

साइबर ठगी के बढ़ते मामलों को देखते हुए रेवाड़ी पुलिस ने आम जनता के लिए चेतावनी जारी की है:

  • सावधान रहें: किसी भी पुलिस या प्रशासनिक अधिकारी के नाम से आने वाले संदिग्ध फोन कॉल पर तुरंत भरोसा न करें। कोई भी असली पुलिस अधिकारी फोन पर पैसों की मांग नहीं करता।

  • तत्काल शिकायत करें: यदि आप या आपका कोई परिचित किसी भी तरह की साइबर ठगी का शिकार होता है, तो बिना समय गंवाए तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें या नजदीकी साइबर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराएं।