रेवाड़ी। लोकनिर्माण एवं जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री श्री रणबीर गंगवा की अध्यक्षता में आयोजित जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक में प्रशासनिक ढिलाई पर कड़ा संज्ञान लिया गया। बैठक के दौरान कोविड काल से जुड़े एक मामले में वेंडर का बकाया भुगतान न किए जाने पर नाराजगी जताते हुए मंत्री ने नगर परिषद के वर्तमान व तत्कालीन जिम्मेदार कर्मचारियों तथा अधिकारियों को तुरंत प्रभाव से चार्जशीट करने के सख्त निर्देश दिए।

बैठक में कुल 16 परिवाद (शिकायतें) सुनवाई के लिए रखे गए थे जिनमें से लोकनिर्माण मंत्री श्री रणबीर गंगवा ने 12 मामलों का मौके पर ही निपटारा कर दिया। वहीं शेष 4 परिवादों को आगामी आवश्यक कार्यवाही पूरी होने तक लंबित रखने के निर्देश दिए गए।

यह भी पढ़ें -डिजिटल अरेस्ट का खौफ दिखाकर 19.76 लाख की ठगी, फर्जी IPS गिरोह का एक और शातिर राजस्थान से गिरफ्तार

जिला कष्ट निवारण समिति की इस अहम बैठक में लोकनिर्माण मंत्री के साथ रेवाड़ी के विधायक एवं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष श्री लक्ष्मण सिंह यादव, बावल के विधायक डॉ. कृष्ण कुमार, पीपीपी स्टेट कोऑर्डिनेटर डॉ. सतीश खोला और भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. वंदना पोपली विशेष रूप से मौजूद रहे।

वहीं जिला प्रशासन की ओर से उपायुक्त (डीसी) श्री अभिषेक मीणा, पुलिस अधीक्षक (एसपी) श्री हेमेंद्र मीणा तथा अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) श्री राहुल मोदी सहित तमाम वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।