रेवाड़ी: हरियाणा सरकार द्वारा चलाए जा रहे राज्यव्यापी सेवा संकल्प अभियान के तहत जिला रेवाड़ी के जाटूसाना ब्लॉक में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। आंगनबाड़ी केंद्रों में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छोटे बच्चों के शारीरिक व मानसिक विकास को बढ़ावा देना और माताओं को पोषण एवं स्वास्थ्य सुरक्षा के प्रति जागरूक करना रहा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और सुशासन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश भर में यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है। 17 अक्टूबर तक चलने वाले इस पखवाड़े के दौरान गांव-गांव और ब्लॉक स्तर पर स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता और जन-कल्याण से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
यह भी पढ़ें -हरियाणा में 11 अक्टूबर को राज्यव्यापी स्वच्छता अभियान, रेवाड़ी में ब्रास मार्केट से शुरुआत
खेल, कविता और चित्रकारी से बच्चों को जोड़ा
जाटूसाना के विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों में सुबह से ही गहमागहमी रही। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं ने छोटे बच्चों के लिए मनोरंजक गतिविधियों की श्रृंखला तैयार की थी। बच्चों ने खेल-कूद, कहानी-कथन, कविता पाठ और चित्रकारी (कलरिंग) प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस पहल का मकसद बच्चों में प्री-स्कूल शिक्षा के प्रति रुचि जगाना और उन्हें आंगनबाड़ी आने के लिए प्रोत्साहित करना है।
माताओं को मिला संतुलित आहार और स्वच्छता का पाठ
कार्यक्रम में पहुंची माताओं और अभिभावकों को बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक पोषण संबंधी टिप्स दिए गए। महिला एवं बाल विकास विभाग के प्रतिनिधियों ने कुपोषण से बचाव, नियमित टीकाकरण, व्यक्तिगत स्वच्छता और स्थानीय स्तर पर उपलब्ध पौष्टिक खाद्य पदार्थों के सही उपयोग की जानकारी साझा की। माताओं को बताया गया कि शुरुआती 1000 दिन बच्चे के मानसिक और शारीरिक विकास के लिए सबसे महत्वपूर्ण होते हैं, इसलिए इस दौरान खान-पान पर विशेष ध्यान देना जरूरी है।
आंगनबाड़ी केंद्रों से मिलने वाली सुविधाओं की मिलेगी जानकारी
ग्रामीण इलाकों में अक्सर जागरूकता के अभाव के कारण बच्चे सही पोषण और प्रारंभिक शिक्षा से वंचित रह जाते हैं। आंगन मिलन सेवा जैसी जमीनी पहल सीधे गांव के परिवारों से जुड़ती है। इससे आम परिवारों को आंगनबाड़ी केंद्रों में मिलने वाली सरकारी सुविधाओं जैसे- मुफ़्त राशन, न्यूट्रिशन सप्लीमेंट्स और समय-समय पर होने वाली स्वास्थ्य जांच की सटीक जानकारी घर तक पहुंचती है।
यह भी पढ़ें -रेवाड़ी में मुद्रा योजना से बदली प्रियांशु और नरेंद्र की तस्वीर, छोटे कारोबार को मिला बड़ा सहारा
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार रेवाड़ी जिले के सभी ब्लॉकों जिसमे रेवाड़ी, बावल और जाटूसाना शामिल है, में चरणबद्ध तरीके से आंगन मिलन सेवा और सेवा संकल्प अभियान के अन्य कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। 17 अक्टूबर तक स्वास्थ्य शिविर, महिला सशक्तिकरण संवाद और स्वच्छता ड्राइव जैसे आयोजन लगातार जारी रहेंगे।







