Rewari News: पुलिस अधीक्षक रेवाड़ी श्री हेमेंद्र कुमार मीणा (IPS) के कुशल निर्देशन में नशीले पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत CIA रेवाड़ी की टीम को एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने स्मैक उपलब्ध कराने के मामले में संलिप्त एक आरोपी महिला को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार की गई महिला आरोपी की पहचान ज्योति के रूप में हुई है, जो मूल रूप से सीतामढ़ी (बिहार) की रहने वाली है और हाल में किशनगंज (दिल्ली) में रह रही थी।

पूरा मामला और पुलिस की कार्रवाई

इस मामले में पुलिस टीम दो आरोपियों रितिक उर्फ रामपत और जतिन उर्फ अंडा को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। बीते 18 सितंबर को पुलिस ने रितिक उर्फ रामपत को काबू कर उसके कब्जे से 6.26 ग्राम स्मैक बरामद की थी।

आरोपी रितिक से जब कड़ाई से पूछताछ की गई तो खुलासा हुआ कि उसे यह स्मैक जतिन उर्फ अंडा ने उपलब्ध कराई थी। इसके बाद जब मामले की परतें उधड़ीं तो नशीले पदार्थों के इस नेटवर्क में महिला आरोपी ज्योति की संलिप्तता सामने आई।

CIA रेवाड़ी की टीम ने मुस्तैदी से कार्रवाई करते हुए ज्योति को गिरफ्तार कर लिया और अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत (Jail) में भेज दिया है। रेवाड़ी पुलिस का स्पष्ट कहना है कि जिले में नशे के कारोबार को पूरी तरह से ध्वस्त करने के लिए उनका यह विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।