Rewari News: जिले में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रेवाड़ी पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना कोसली पुलिस ने खेतों में लगे ट्यूबवेलों से बिजली की केबल चोरी करने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए चार शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सभी आरोपियों को माननीय न्यायालय से प्रोडक्शन वारंट पर लेकर अपनी हिरासत में लिया।
चोरी का माल खरीदने वाला कबाड़ी भी चढ़ा हत्थे
मामले की जांच कर रही कोसली पुलिस ने गिरोह के सदस्यों के साथ-साथ चोरी का सामान खरीदने वाले कबाड़ी को भी धर दबोचा है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान धर्मवीर उर्फ बब्लू (निवासी खुर्शीद नगर), सोमबीर शर्मा उर्फ पटवारी (निवासी गांव चिड़िया, चरखी दादरी), सतीश (निवासी गांव साल्हावास, झज्जर) और दिनेश कुमार (निवासी गांव मन्करा, जिला बरेली, उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।
2.200 किग्रा कॉपर वायर बरामद, आरोपी जेल भेजे गए
पुलिस टीम ने कबाड़ का काम करने वाले आरोपी दिनेश कुमार के कब्जे से चोरी की गई 2.200 किलोग्राम कॉपर (तांबे) की वायर सफलतापूर्वक बरामद कर ली है। वारदात में शामिल अन्य आरोपियों से गहन पूछताछ के बाद पुलिस ने सभी को अदालत में पेश किया, जहां से माननीय न्यायालय के आदेशानुसार उन्हें न्यायिक हिरासत (जेल) में भेज दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में चोरी व अन्य आपराधिक गतिविधियों में लिप्त असामाजिक तत्वों के खिलाफ पुलिस की सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।



