Rewari News: नशा मुक्त रेवाड़ी – सुरक्षित रेवाड़ी अभियान के तहत रेवाड़ी पुलिस द्वारा जिले भर में व्यापक जागरूकता कार्यक्रम चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक (IPS) श्री हेमेंद्र कुमार मीणा के कुशल निर्देशन में नशा मुक्ति टीम ने ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर कमान संभाली है। इसी कड़ी में टीम ने गांव खेड़ा आलमपुर और चांदनवास में डोर-टू-डोर (घर-घर जाकर) विशेष अभियान चलाया और ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभावों, बढ़ते साइबर अपराध और यातायात नियमों की विस्तृत जानकारी दी।

अभियान के दौरान पुलिस टीम ने ग्रामीणों से जिंदगी को हां, नशे को ना के संकल्प से जुड़ने की अपील की। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट संदेश दिया कि नशा न केवल स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाता है बल्कि परिवारों को भी तबाह कर देता है। इसलिए नशे का सेवन करने वाले और इसका अवैध कारोबार करने वाले असामाजिक तत्वों से दूरी बनाकर रखें।

साइबर ठगी और यातायात नियमों के प्रति किया सतर्क
डोर-टू-डोर संपर्क के दौरान टीम ने ग्रामीणों को साइबर अपराधों से बचाव के गुर भी सिखाए। पुलिस ने लोगों को जागरूक करते हुए कहा कि किसी भी अज्ञात व्यक्ति के साथ अपना OTP, ATM PIN, पासवर्ड या कोई भी निजी जानकारी साझा न करें। इसके साथ ही सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के लिए वाहन चालकों को हेलमेट लगाने, सीट बेल्ट पहनने और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करने का संदेश दिया गया।

हेल्पलाइन नंबर जारी, पुलिस का साथ देने की अपील
रेवाड़ी पुलिस ने आमजन से नशा मुक्त समाज के निर्माण में सहयोग की अपील करते हुए कहा कि आपकी एक छोटी सी सूचना किसी की जिंदगी बचा सकती है। इसके लिए पुलिस ने महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबर भी सांझा किए:
- नशे से जुड़ी सूचना देने के लिए: MANAS हेल्पलाइन 1933
- आपातकालीन सहायता के लिए: 112
- साइबर फ्रॉड की शिकायत दर्ज कराने के लिए: 1930
पुलिस टीम ने दोहराया कि रेवाड़ी को पूरी तरह सुरक्षित और नशा मुक्त बनाने के लिए पुलिस और जनता का एक साथ मिलकर प्रयास करना बेहद जरूरी है।





