Rewari News: पुलिस अधीक्षक रेवाड़ी श्री हेमेंद्र कुमार मीणा (IPS) के कुशल निर्देशन में नशीले पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए CIA कोसली की टीम ने गांजा उपलब्ध कराने के मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान योगेश, निवासी गांव हरजीपुर के रूप में हुई है।

प्राप्त विवरण के मुताबिक, इस मामले में आरोपी सूरज उर्फ सुरजी को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। गत 12 अगस्त को पुलिस टीम ने आरोपी सूरज उर्फ सुरजी के कब्जे से 342 ग्राम गांजा बरामद किया था।

गिरफ्तारी के बाद जब सूरज उर्फ सुरजी से गहन पूछताछ की गई, तो उसने खुलासा किया कि बरामद किया गया गांजा उसे योगेश ने उपलब्ध कराया था। इसी सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए CIA कोसली की टीम ने आरोपी योगेश को धर दबोचा और गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

रेवाड़ी पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार और तस्करों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा।