एनसीआर में वायु प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए झज्जर जिला प्रशासन ने निगरानी और कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए हैं। डीसी वर्षा खांगवाल ने संबंधित विभागों को संशोधित ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (ग्रेप) के प्रावधानों की पालना सुनिश्चित करने, प्रदूषण के हॉटस्पॉट क्षेत्रों पर नजर रखने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा है।

जिला प्रशासन की कार्ययोजना में औद्योगिक प्रदूषण, सड़क की धूल, वाहनों से निकलने वाला धुआं, खुले में कचरा जलाने और निर्माण गतिविधियों से होने वाले प्रदूषण पर नियंत्रण के साथ धान की पराली जलाने की घटनाओं को रोकना शामिल है।

यह भी पढ़ें -रेवाड़ी में पराली मिट्टी में मिलाने पर किसानों को मिलेंगे 1,200 रुपये प्रति एकड़

सड़क की धूल और वाहनों पर रहेगी नजर

डीसी ने सड़कों पर जमा धूल को नियंत्रित करने के लिए मैकेनिकल और वैक्यूम स्वीपिंग की व्यवस्था प्रभावी रखने के निर्देश दिए। जरूरत के अनुसार पानी का छिड़काव करने और यातायात प्रबंधन सुधारने पर भी जोर दिया गया।

प्रशासन ने प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों और अन्य गतिविधियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा है। वाहनों के लिए प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र (पीयूसी) की आवश्यकता के बारे में लोगों को जागरूक करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

अवैध औद्योगिक इकाइयों और डंपिंग पर कार्रवाई

औद्योगिक इकाइयों के निरीक्षण के दौरान पर्यावरणीय मानकों की पालना सुनिश्चित करने को कहा गया है। डीसी ने अवैध रेडी मिक्स कंक्रीट (आरएमसी) और हॉट मिक्स प्लांट (एचएमपी) इकाइयों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए।

यह भी पढ़ें -हरियाणा में महिला समर्थ संस्थान पुरस्कार के लिए 15 अक्टूबर तक आवेदन

इसके अलावा अवैध या बंद इकाइयों के बिजली कनेक्शन काटने के संबंध में आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया है। खुले स्थानों पर औद्योगिक कचरे, ठोस अपशिष्ट और निर्माण एवं विध्वंस (सीएंडडी) अपशिष्ट की अवैध डंपिंग रोकने पर भी ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं।

पराली जलाने से रोकने के लिए बढ़ेगी निगरानी

धान की पराली और फसल अवशेष जलाने की घटनाओं को रोकने के लिए प्रशासन ने फील्ड स्तर पर निगरानी मजबूत करने को कहा है। इसके साथ ही फसल अवशेष प्रबंधन की मशीनरी और कस्टम हायरिंग सेंटरों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा किसानों को पराली प्रबंधन के वैकल्पिक तरीकों के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए गए हैं।

यह भी पढ़ें -करनाल मंडियों में 2.16 लाख मीट्रिक टन धान की आवक, उठान के निर्देश

प्रशासन की ओर से औद्योगिक इकाइयों, डीजल जनरेटर सेट और निर्माण गतिविधियों से होने वाले प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए भी संबंधित विभागों को समन्वय से काम करने को कहा गया है।

प्रदूषण संबंधी शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश

डीसी वर्षा खांगवाल ने ग्रेप के नियमों, पराली और कचरा जलाने से होने वाले नुकसान, सड़क की धूल पर नियंत्रण तथा प्रदूषण संबंधी शिकायत दर्ज कराने के तरीकों को लेकर जन-जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं।

उन्होंने कहा कि वायु प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण के लिए नागरिकों की भागीदारी जरूरी है। प्रशासन ने संबंधित विभागों को प्राप्त शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को भी कहा है।