हरियाणा की महिला एवं बाल विकास तथा सिंचाई एवं जल संसाधन मंत्री श्रुति चौधरी ने रविवार को महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय (एमडीयू), रोहतक में आयोजित 20वीं राष्ट्रीय फ्लोरबॉल चैंपियनशिप-2026 के समापन समारोह में खिलाड़ियों को सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने हरियाणा की खेल नीति को खिलाड़ियों की उपलब्धियों में अहम बताते हुए कहा कि प्रदेश की खेल नीति दूसरे राज्यों के लिए मॉडल बन चुकी है।

समारोह में एशियन गेम्स की पदक विजेता निशानेबाज सुरुचि फौगाट और मुक्केबाज प्रवीण हुड्डा के साथ फ्लोरबॉल की अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी मनीषा को भी सम्मानित किया गया। मंत्री ने प्रतियोगिता में शामिल खिलाड़ियों से मुलाकात की और चैंपियनशिप की स्मारिका का विमोचन किया।

यह भी पढ़ें -रोहतक के बहुअकबरपुर में स्मार्ट क्लास का प्रस्ताव, चौपाल निर्माण के लिए 10 लाख देंगे कार्तिकेय शर्मा

एशियन गेम्स में हरियाणा के 22 पदकों का किया जिक्र

मीडिया से बातचीत में श्रुति चौधरी ने कहा कि हाल ही में संपन्न एशियन गेम्स में भारत के खाते में आए 85 पदकों में से 22 पदक हरियाणा के खिलाड़ियों ने जीते, जिनमें 14 स्वर्ण पदक शामिल हैं। उन्होंने इसे प्रदेश की खेल नीति और खिलाड़ियों के परिश्रम का परिणाम बताया।

मंत्री के अनुसार, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में राज्य सरकार खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए नकद पुरस्कार, सरकारी नौकरियों के अवसर और आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दे रही है। उन्होंने पदक विजेताओं के लिए पुरस्कार राशि और 'पदक लाओ-पद पाओ' योजना का भी उल्लेख किया।

तीन दिन तक चली राष्ट्रीय प्रतियोगिता

एमडीयू में आयोजित तीन दिवसीय चैंपियनशिप में देश के विभिन्न हिस्सों की टीमों ने हिस्सा लिया। श्रुति चौधरी ने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताओं से युवाओं को अपनी खेल प्रतिभा दिखाने और राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने का अवसर मिलता है।

यह भी पढ़ें -कोटा में 133वें राष्ट्रीय दशहरा मेले का शुभारंभ, आधिकारिक वेबसाइट भी लॉन्च

कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने खेल कोर्ट में हरियाणा और मध्य प्रदेश की टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। इसके बाद उन्होंने नशा मुक्त अभियान के तहत जागरूकता बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

फ्लोरबॉल को बढ़ावा देने पर जोर

हरियाणा फ्लोरबॉल एसोसिएशन के प्रदेशाध्यक्ष गजेंद्र फौगाट ने मंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं देने और युवाओं में खेलों के प्रति रुचि बढ़ाने पर ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि फ्लोरबॉल जैसे खेलों को प्रोत्साहन मिलने से प्रदेश में खेल संस्कृति मजबूत हो सकती है।

यह भी पढ़ें -राजस्थान पंचायत चुनाव 2026: नामांकन की अंतिम तारीख 13 अक्टूबर, जानें जरूरी नियम

एमडीयू के खेल विभाग के निदेशक कुलताज सिंह ने भी मंत्री का स्वागत किया। उन्होंने विश्वविद्यालय की स्थापना में दिवंगत चौधरी बंसीलाल की भूमिका और उनके कार्यकाल में हुए विकास कार्यों का उल्लेख किया।

समारोह में हरियाणा अनुसूचित जाति आयोग की उपाध्यक्ष रेनू डाबला, भाजपा युवा नेता दीपक निवास हुड्डा, फ्लोरबॉल एसोसिएशन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दीपेंद्र आर्य, सचिव सुरजीत नैन, सह सचिव सुनील फोगाट, कोषाध्यक्ष सुशील शास्त्री और जाट संस्था के उपाध्यक्ष नरेश काला सहित अन्य लोग मौजूद रहे।