सोनीपत: बच्चों को सुरक्षित वातावरण प्रदान करने और उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA), सोनीपत द्वारा एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कैंप सोनीपत स्थित 'लिटिल एंजेल सीनियर सेकेंडरी स्कूल' में यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (POCSO Act) विषय पर केंद्रित था।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को यौन अपराधों से संरक्षण, अपराध की सही पहचान, रिपोर्टिंग की प्रक्रिया तथा बच्चों के विभिन्न कानूनी अधिकारों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।

pocso act awareness camp sonipat little angels school
लिटिल एंजेल स्कूल में POCSO Act पर जागरूकता कैंप आयोजित (फोटो: सोशल मीडिया एक्स@diprosonipat)

इस अवसर पर डीएलएसए (DLSA) सचिव एवं सीजेएम प्रचेता सिंह ने अपने विचार रखते हुए कहा कि 'POCSO अधिनियम' बच्चों की सुरक्षा का एक अत्यंत महत्वपूर्ण कानूनी कवच है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की असहज या संदिग्ध परिस्थितियों में चुप न रहें। ऐसी स्थिति उत्पन्न होने पर तुरंत अपने अभिभावकों, शिक्षकों अथवा सक्षम प्राधिकारी से सहायता लें।

आयोजन के अंत में इस बात पर जोर दिया गया कि बच्चों की सुरक्षा केवल कानून की नहीं, बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है। सही जानकारी और जागरूकता ही बच्चों को एक सुरक्षित और भयमुक्त वातावरण देने की सबसे मजबूत आधारशिला है।